- भैरव घाट में उनकी बेटी वैष्णवी ने दी अंतिम विदाई
- जिला प्रशासन और पुलिस के आला अफसर रहे मौजूद
कानपुर के बिल्हौर में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियो के शहीद हो गए थे. शनिवार को उनकी बेटी ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान जिला प्रशासन के अफसरों सहित एडीजी आईजी एसएसपी सहित पुलिस बल मौजूद था.शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा बांदा जिले के सहेवा गांव के रहने वाले थे. उनके पैतृक गांव में जहां गम का माहौल बना हुआ है वहीं पुलिस तैनात कर दी गई है. परिजनों और गांव के लोगों में घटना के बाद से भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. ग्रामीणों द्वारा यह मांग की जा रही है कि जिस तरह से अपराधियों ने पुलिस को निशाना बनाया है उसी तरह से पुलिस को उनके साथ व्यवहार करना चाहिए और उनको कड़ी सजा देनी चाहिए.
बेटी बोली, पिता की शहादत पर फक्र
शहीद सीओ की बेटी वैष्णवी शनिवार को पिता के शव के साथ भैरव घाट पहुंची थी. पिता को मुखाग्नि देने के बाद उसने पत्रकारों के सवालों पर कहा कि उसे अपने पिता की शहादत पर फक्र है. पिता का स्थान कोई नहीं ले सकता.दोषी व्यक्तियों पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.
दुर्दांत हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए: ग्रामीण
बांदा जिले के सहाबा गांव के निवासी देवेंद्र मिश्रा की शहादत पर उनके ग्राम वासियों में बहुत गुस्सा है. उनकी मांग है कि ऐसे दुर्दांत हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. उनके साथ इससे भी बुरा सुलूक किया जाए जिससे अगली बार कोई भी हमारे सैनिकों, पुलिसकर्मियों पर हमला करने से पहले सौ बार सोचे.

