कोलार। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो गई है। आज कर्नाटक के कोलार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता राहुल गांधी ने मोदी से अडानी कंपनी में लगाए गए 20 हजार करोड़ रुपए का हिसाब मांगा। गौतम अडानी को लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल लगातार हमलावर है। अमरीकी रिसर्चफर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद अडानी पर शेयरों में गड़बड़ी करने का आरोप लगा है।
इस मामले में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल लगातार जेपीसी गठन कर जांच की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अडानी के नजदीकी रिश्ते को हवा देते हुए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों पर सरकार की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। राहुल गांधी का अडानी पर हमला जारी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में आज रविवार को राहुल गांधी कोलार पहुंचें। जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए अडानी और सरकार पर तीखे हमले किए।
जेल में डाल दो, कुछ भी कर दो मुझे फर्क नहीं पड़ता
राहुल गांधी ने कहा कि यह BJP सोचती है कि मुझे संसद से हटाकर, धमकाकर, डरा देंगे। मैं इनसे नहीं डरता। मैं फिर दौराता हूं कि प्रधानमंत्री जी यह 20,000 करोड़ रुपए अडानी की शेल कंपनी में किस के हैं? जब तक इसका जवाब नहीं मिलेगा मैं तब तक नहीं रुकुंगा। मुझे अयोग्य घोषित कर दो, जेल में डाल दो कुछ भी कर दो मुझे फर्क नहीं पड़ता।
अडानी की शेल कंपनी में चीन का डायरेक्टर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैंने संसद में पूछा कि अडानी की शेल कंपनी में 20,000 करोड़ रुपए किसके हैं? उसके बाद भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि सरकार ने संसद नहीं चलने दी। विपक्ष संसद को रोकती है लेकिन पहली बार सरकार के मंत्रियों ने संसद को रोका। उन्होंने कहा कि अडानी की डिफेंस इंन्फ्रास्ट्रक्चर की कंपनी में चीन का डायरेक्टर बैठा है। अडानी की शेल कंपनी में चीन का डायरेक्टर है। इसमें कोई जांच नहीं हो रही है। इसके बाद वह ध्यान भटकाने की बात करते हैं।
BJP सरकार ने 40% कमीशन खाया
कर्नाटक की बीजेपी सरकार पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में BJP सरकार ने क्या काम किया? उन्होंने 40% कमीशन खाया। काम करवाने के लिए BJP की सरकार ने कर्नाटक के लोगों से पैसा चोरी किया। जो भी उन्होंने किया उन्होंने 40% कमीशन लिया।

