Petrol Diesel prices in Pakistan: महंगाई की मार से घिरे पाकिस्तान में पहली बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें 300 रुपए के पार पहुंच गईं। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत 290.45 से बढ़कर 305.36 रुपए प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा, 293.40 रुपए लीटर के दाम पर बिक रहा डीजल 18.44 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 311.84 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के वित्त मंत्रालय ने आधी रात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीर शेयर करते हुए जानकारी दी।
मंत्रालय ने लिखा कि पेट्रोल की कीमत अब 305.36 रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम 311.84 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले 15 अगस्त को इनकी कीमतों में 20 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अंतरबैंक बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में शुक्रवार को 1.09 रुपए की गिरावट जारी रही। वर्तमान में एक डॉलर कीमत 306 पाकिस्तानी रुपए के बराबर है।
पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार पेट्रोल और डीजल की कीमत (Petrol-Diesel Price in Pakistan) 300 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंची है। आर्थिक बदहाली से जूझ रहे इस देश की कार्यवाहक सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 14.91 और डीजल की कीमत में 18.44 रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया है। इसके बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमत पाकिस्तान के मुकाबले काफी कम है। भारत में पिछले साल मई के बाद पेट्रोल और डीजल कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपए और डीजल की कीमत 89.62 रुपए है। पाकिस्तानी रुपए की कीमत में हाल के दिनों में काफी गिरावट आई है। एक भारतीय रुपए की कीमत पाकिस्तान के 3.70 रुपए के बराबर है।
कच्चा तेल सात महीने के टॉप पर
कच्चे तेल की कीमत में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। यह सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय ब्रेंट क्रूड 1.98 प्रतिशत या 1.72 डॉलर प्रति बैरल चढ़कर 88.55 डॉलर पर बंद हुआ है। जबकि वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट या डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.30 प्रतिशत या 1.92 डॉलर प्रति बैरल चढ़कर 85.55 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। देश में डेढ़ साल से पेट्रोल-डीजल का भाव नहीं बदली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पिछले साल अप्रैल में इसमें आखिरी बार बदलाव किया था। उसके बाद मई में केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी घटाई थी।

