नई दिल्ली। 13 मार्च से शुरू संसद का बजट सत्र विपक्ष और सत्ता पक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया है। संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के कारण बार-बार सत्र बाधित हुआ है। दोनों सदनों की कार्यवाही ठीक तरह से नहीं चल पाई है। बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हुआ। बजट सत्र का दूसरा चरण आज यानी छह अप्रैल तक ही निर्धारित है।
दोनों सदनों में भारी हंगामा, कार्यवाही स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा में भारी हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई। जहां लोकसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया, वहीं राज्यसभा दोपहर दो बजे तक स्थगित की गई है। लोकसभा में हंगामा हो रहा है। विपक्ष पार्टी के नेता काले कपड़े पहनकर पहुंचे हैं। भाजपा सांसद, भाजपा स्थापना दिवस पर भगवा कपड़े पहनकर संसद में पहुंचे।
विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी को संसद से अयोग्य घोषित कर दिया गया है फिर भी वे माफी की मांग कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि वे विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
JPC गठन पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कही यह बात
विपक्ष द्वारा अदाणी मामले में JPC गठन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकतंत्र में लोकतांत्रिक तरीके से लड़ना हमारा काम है। सरकार अगर नहीं मानती है तो ये हठधर्मी है। सरकार को हमेशा सकारात्मक रहना चाहिए, प्रतिक्रिया देनी चाहिए। अगर आप लोकतंत्र को जिंदा रखना चाहते हैं तो विपक्ष की भी बात सुननी चाहिए।
अन्नाद्रमुक नेता एम थम्बीदुरई ने “कृषि क्षेत्रों में कोयला खदानों की स्थापना के लिए बोली प्रक्रिया” पर संसद में ‘ध्यान देने का नोटिस’ दिया है। इसके साथ ही केंद्रीय कोयला और खान मंत्री से इसका जवाब देने का भी अनुरोध किया।

