IIA E-Vehicle Expo 2022: आईआईए के ई-व्हीकल एक्सपो में दिखेगा प्रदूषण मुक्त भारत का सपना, जानिए कब होगा आयोजन

उत्तर प्रदेशIIA E-Vehicle Expo 2022: आईआईए के ई-व्हीकल एक्सपो में दिखेगा प्रदूषण मुक्त...

Date:


IIA E-Vehicle Expo 2022: आईआईए के ई-व्हीकल एक्सपो में दिखेगा प्रदूषण मुक्त भारत का सपना, जानिए कब होगा आयोजन

लखनऊ: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने आगामी 25 से 27 मार्च तक तीन दिवसीय ‘इंडिया सोलर’ का 8वां संस्करण व ‘ई-व्हीकल एक्सपो’ (E-Vehicle Expo 2022) का दूसरा संस्करण आयोजित करेगा। राजधानी के गोमतीनगर स्थित आईआईए भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में देश की कई बड़ी कंपनियों के 100 स्टॉल लगेंगे। इसकी जानकारी सोमवार को राजधानी के हजरतगंज स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, आईआईए के डिविजनल चेयरमैन और इंडिया सोलर व ई-व्हीकल एक्सपो के संयोजक अवधेश अग्रवाल व सोलर एनर्जी कमेटी (Solar energy committee) के अध्यक्ष तारिक हसन नकवी ने दी। इंडिया सोलर एक्सपो के आयोजन में यूपीनेडा सह-आयोजक के रूप में इस एक्सपो को सफल बनाने में जुड़ा हुआ है।

Read also- रिलायंस न्यू एनर्जी सोलर लिमिटेड अमेरिकी कंपनी अंबरी इंक में निवेश करेगी

प्रेस वार्ता में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से आईआईए सोलर एक्सपो का आयोजन करता आ रहा है। देश में बिजली से चलने वाले वाहनों की जरूरत को समझते हुए आईआईए ने वर्ष 2020 में पहला ई-व्हीकल एक्सपो आयोजित किया था और इस बार उसका दूसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। इस एक्सपो में सोलर प्रोडक्ट और ई-व्हीकल बनाने वाली देश की सभी नामी कंपनियों के स्टॉल लगेंगे।

सेमिनार में दी जाएगी पूरी जानकारी

उन्होंने बताया कि पेट्रोल व डीजल से बहुत ज्यादा प्रदूषण (Pollution) होता है और फैक्ट्रियों में भी जो हम लोग डीजल पेट्रोल खर्च करते हैं, बिजली का इस्तेमाल करते हैं, उन सब के विकल्प के रूप में सोलर का हम लोग किस तरह से इस्तेमाल कर सकें, अपनी फैक्ट्रियों में उसके बारे पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें अपने प्रोडक्ट को दिखाने के लिए सारी बड़ी कंपनी आ रही हैं और उसके बारे में सेमिनार में पूरी जानकारी दी जाएगी। यहां लोग अपनी पसंद के उत्पाद देखकर उनकी बुकिंग करा सकेंगे। एक्सपो के बाद कंपनी के आउटलेट पर जाकर उनकी खरीददारी भी कर सकेंगे।

अशोक अग्रवाल ने बताया कि एक्सपो के साथ-साथ 26 मार्च को एक दिवसीय सोलर एवं ई-व्हीकल सेमिनार भी प्रदर्शनी स्थल पर ही आयोजित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य सोलर एवं ई-व्हीकल के क्षेत्र में बड़ी कंपनियों द्वारा वेंडर डेवलपमेंट तथा डीलरशिप की जानकारी दिया जाना है। इससे नए उद्यमियों को लाभ मिलेगा और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। सोलर ऊर्जा और ई-व्हीकल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार के सहयोग के बारे में उन्होंने बताया कि हम इस विषय पर विभिन्न राज्यों में दी जा रही सुविधाओं का अध्यन कर रहे हैं, जिसके आधार पर आईआईए अपनी बात एक्सपो के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न आयोजनों में सरकार के सामने रखेगा।

Read also- झारखंड की 71 बंद पड़ी कोयला खदानों में अब सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन की तैयारी

तकनीकी संस्थानों के छात्रों को भी किया गया आमंत्रित

आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस एक्सपो के लिए व्यापक प्रचार किया जा रहा है, जिसके तहत देश के सभी प्रान्तों से प्रदर्शनी में भाग लेने वाली कंपनियां और खरीददार आने की संभावना है। इसके अलावा सरकारी और गैर सरकारी विभागों व संस्थानों को भी इस एक्सपो का लाभ लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। खास तौर पर व्यवसायिक और तकनीकी संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थियों, जो सोलर और ई-व्हीकल सेक्टर में व्यवसाय करने के इच्छुक हैं को भी आमंत्रित किया गया है।

आईआईए के डिवीजनल चेयरमैन और इंडिया सोलर व ई-व्हीकल एक्सपो के संयोजक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार सभी की मंशा है कि भविष्य में ई-व्हीकल को प्रमोट किया जाए। क्योंकि, जिस तरह से भारत की निर्भरता कच्चे तेल के ऊपर है और कच्चे तेल के मूल्य की बढ़ोतरी जिस तरह से होती रहती है, जिसमें भारत सरकार का विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) कम होता है और देश में महंगाई बढ़ती है। और भी समस्याएं आती हैं तो उसको कम करने के लिए ई-व्हीकल को प्रमोट करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री जी की मंशा है कि विश्व का सबसे बड़ा सोलर का उत्पादन भारत में करना चाहते हैं। इस एक्सपो के माध्यम से हम जनता को, इंडस्ट्री को और जो नवोदित उद्यमी (बडिंग एंटरप्रेन्योर) हैं, उनको एक प्लेटफार्म उपलब्ध करते हैं कि आप एक ही जगह पर आइए, वहां आपको सोलर से संबंधित सारे इक्विपमेंट बनाने वाले और सेमिनार में सोलर बनाने वाली कंपनियों के ऑनर के स्पीच करा रहे हैं, जिससे कोई समस्या या समाधान हो तो उसका निवारण एक ही छत के नीचे हो सके।

ज्यादा से ज्यादा बिजली उत्पादन की कोशिश

सोलर एनर्जी कमेटी के अध्यक्ष तारिक हसन नकवी ने बताया कि हम लोग राष्ट्रीय स्तर पर 8वीं बार सोलर एक्सपो लगा रहे हैं और दूसरी बार ई-व्हीकल सेमिनार लगा रहे हैं। इसमें बहुत सारी सोलर इंडस्ट्री की जो समस्याएं हैं, जो कंज्यूमर लगाते हैं उनके लिए भी समस्याएं हैं, उनको समय-समय पर हम इस एक्सपो के माध्यम से और सेमिनार के माध्यम से सरकारों को जागरूक करते हैं और उनसे अपेक्षा करते हैं कि वे सोलर इंडस्ट्री के इंटरेस्ट में अपनी पॉलिसी बनाएं और अगर कोई गलत पॉलिसी है तो उसको बदलें। हम पिछले दो-तीन साल से एमएसएमई में नेट मीटरिंग को रिस्टोर करने के लिए आवेदन दे रहे हैं। रेगुलेटरी कमीशन में हमारा एप्लीकेशन पेंडिंग है। केंद्र सरकार और यूपी सरकार दोनों सोलर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए इच्छुक हैं। इससे एक तरफ प्रदूषण कम होगा और दूसरी ओर कोयला और इस पर आधारित बिजली परियोजनाएं हैं, जिनकी वजह से बिजली उत्पादन कम है तो सोलर एक प्राकतिक संसाधान है, जिससे हम ज्यादा से ज्यादा बिजली का उत्पादन कर सकेंगे।

Read also- नहीं रहे हमारा बजाज वाले राहुल बजाज – जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और पीयूष गोयल ने इस तरह से उन्हें किया याद

आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्रेस वार्ता के अंत में बताया कि यह एक्सपो लोगों में सोलर प्रोडक्ट और ई-व्हीकल को लेकर जागरूकता लाने का काम करेगा। आने वाला समय इसी का है, इसलिए इस बारे में सोचना जरूरी है। आईआईए अपने प्रयासों को आम आदमी तक ले जाने की कोशिश में जुटा है। उन्होंने यह भी बताया कि एक्सपो में आने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) और केंद्रीय बिजली व अक्षय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह को निमंत्रण भेजा गया है। दोनों केन्द्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। आईआईए की टीम कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों में जुटी है। कार्यक्रमों के लिए स्टॉलों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। आयोजन की पूरी जानकारी एक्सपो की वेबसाइट www.indiasolarexpo.org और www.evehicleexpo.in पर मौजूद है।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related