- सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, हम राम और कृष्ण का नाम लेते हैं तो उन्हें आपत्ति होती हैं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के ‘अब मथुरा की बारी है’ का ट्वीट किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। एक और विपक्ष जहां भाजपा पर हिंदुत्व को भड़का कर चुनाव को हिंदू-मुस्लिम करने का आरोप लगा रहा है। वहीं भाजपा की ओर से भी लगातार पलटवार कर विपक्ष को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है।
Read also: केशव बोले, अयोध्या-काशी में भव्य मंदिर का निर्माण जारी, अब मथुरा की तैयारी
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और यूपी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि हमारे राम और कृष्ण का नाम लेने पर आपत्ति जताने वाले खुद जिन्ना का नाम लेते हैं तो कोई बात नहीं होती। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि उन्हें जिन्ना मुबारक, हमें राम-कृष्ण मुबारक। दरअसल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिन्ना की तुलना सरदार पटेल से की थी। जिसके बाद भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव पर लगातार निशाना साध रखा है।
Read also: केशव मौर्या के बयान पर मायावती का पलटवार, बोली हिंदू-मुस्लिम भाजपा का आखिरी हथकंडा
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के ट्वीट के बाद अब यूपी सरकार के प्रवक्ता का राम और कृष्ण का नाम लिये जाने को भाजपा की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। राम मंदिर के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने वाली भाजपा का अब राम के साथ कृष्ण का भी नाम लेना विपक्षियों के माथे पर बल डाल रहा है। यह निश्चित दिखाई दे रहा है कि हिंदुत्व और मंदिर निर्माण भाजपा के चुनावी एजेंडे में शामिल जरूर होगा। भले ही यह मुद्दा प्रत्यक्ष न हो लेकिन चुनावी रणनीति इन मुद्दों को ध्यान में रखकर ही बनायी जायेगी।

