बोले अखिलेश, हम बीजेपी की राजनीतिक वैक्सीन नहीं लगवाएंगे
कहा, कोरोना का टीकाकरण एक संवेदनशील प्रक्रिया है
न्यूज डेस्क। शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जहां कोरोना वैक्सीन को लेकर कहा था कि हम बीजेपी का टीका नहीं लगवा सकते वहीं आज उनके सुर बदल गये। अब वह कह रहे हैं कि हम हम बीजेपी की राजनीतिक वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। अब अखिलेश यादव इसे संवेदनशील और लोगों के जीवन का विषय बता रहे हैं। वहीं भाजपा सहित राजनीतिक दलों और सोशल मीडिया द्वारा चैतरफा फजीहत के बाद अखिलेश शनिवार और रविवार को भी ट्वीट कर अपनी सफाई देते नजर आये। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने कोरोना वैक्सीन के आने का स्वागत किया है।
शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करने के दौरान सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कोरोना वैक्सीन को भाजपा का टीका बताते हुए उसे लगवाने से इंकार कर दिया था। उन्होंने अपनी सरकार आने पर सबको फ्री में वैक्सीन लगवाने की बात भी कही। इस बयान को लेकर अखिलेश यादव पर चैतरफा हमले शुरू हो गये। एक ओर जहां भाजपा ने इसे डाॅक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान बताया। वहीं मीडिया में उनके बयान को लेकर सवाल शुरू हो गये। सोशल मीडिया पर आम आदमी भी अखिलेश के खिलाफ खड़ा दिखाई दिया। वहीं अखिलेश यादव को इस मुद्दे पर कांग्रेस या बसपा आदि का समर्थन भी नहीं मिला। ऐसे में अलग-थलग पड़ गये अखिलेश यादव ने शनिवार को ही ट्वीट कर कहा हमें वैज्ञानिकों की दक्षता पर पूरा भरोसा है पर बीजेपी की ताली-थाली वाली अवैज्ञानिक सोच व बीजेपी सरकार की वैक्सीन लगवाने की उस चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा नहीं है, जो कोरोनाकाल में ठप्प-सी पड़ी रही है। हम बीजेपी की राजनीतिक वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। सपा की सरकार वैक्सीन मुफ्त लगवाएगी।
इसके बाद रविवार को भी अखिलेश ने एक और ट्वीट कर कहा, कोरोना का टीकाकरण एक संवेदनशील प्रक्रिया है इसीलिए बीजेपी सरकार इसे कोई सजावटी-दिखावटी इवेंट न समझे और अग्रिम पुख्ता इंतजामों के बाद ही शुरू करे। ये लोगों के जीवन का विषय है, अतः इसमें बाद में सुधार का खतरा नहीं उठाया जा सकता है। गरीबों के टीकाकरण की निश्चित तारीख घोषित हो।
ये भी पढ़ें…. साईकिल वैक्सीन बनवाऊंगा, फ्री में सबको लगवाऊंगा
ये लोग छुपकर वैक्सीन लगवा लेंगे: गिरिराज सिंह
अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन न लगवाने के बयान पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कहा है, ये लोग छुपकर वैक्सीन लगवा लेंगे और लोगों को भ्रम में रखेंगे। वे राजनीतिक दृष्टि से ऐसा बोल रहे हैं। वैक्सीन देश का है, वैज्ञानिक देश के हैं और आत्मनिर्भर भारत के लिए इससे अच्छा उदाहरण और कुछ नहीं हो सकता।
वहीं कन्नौज के भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने कहा की अगर यह वैक्सीन भाजपा की है तो अखिलेश यादव को पेट्रोल, डीजल और बिजली का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए क्योंकि यह भी भाजपा की है। भाजपा सांसद ने कहा, निश्चित रूप से पिछले दिनों संप्रदाय विशेष में कोरोना वैक्सीन न लगवाने का जिस प्रकार से भ्रम फैलाया जा रहा है। कहीं न कहीं उनके ये वोट बैंक की गणित के नाते उन्होंने यह बयान दिया है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने कोरोना वैक्सीन का स्वागत किया
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा अध्यक्ष मायावती ने कोरोना वैक्सीन का स्वागत करते हुए ट्वीट करते हुए कहा, अति-घातक कोरोनावायरस महामारी को लेकर आए स्वदेशी वैक्सीन (टीके) का स्वागत व वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई। साथ ही, केन्द्र सरकार से विशेष अनुरोध भी है कि देश में सभी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ सर्वसमाज के अति-गरीबों को भी इस टीके की मुफ्त व्यवस्था की जाए तो यह उचित होगा।

