बॉलीवुड में फैले ड्रग नेक्सस की गहराई से जांच कर रही एजेंसी एनसीबी ने बुधवार को कई सवालों के जवाब दिए। एजेंसी ने साफ किया उसने किसी भी एक्ट्रेस को क्लीन चिट नहीं दी है। इसके अलावा एनसीबी ने बताया कि रिया और शौविक को ड्रग मामले में 10 से 20 साल तक की सजा हो सकती है।
दैनिक भास्कर में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक जब एजेंसी से पूछा गया कि रिया के वकील सतीश मानशिंदे का कहना है, इस मामले का सुशांत सिंह के मामले से संबंध है। इसके क्या मायने हैं? तो इसके जवाब में एजेंसी के अधिकारी ने बताया, ‘यह गलत व्याख्या है। सुशांत की मौत से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। सुशांत का मामला सीबीआई देख रही है। हमारी जांच केवल ड्रग कार्टेल से जुड़ी हुई है।’
एक और सवाल के जवाब में एजेंसी के अधिकारी ने कहा कि इस ड्रग कार्टेल में केवल अकेले सुशांत सिंह ही नहीं हैं। एजेंसी ने अब तक 19 लोगों को अरेस्ट किया है। यह केस सुशांत को मुख्य आरोपी बनाकर नहीं चलाया जा रहा है। यह एक बड़ा सिंडिकेट (गुट) है। अरेस्ट किए गए लोगों पर ड्रग्स जमा करने, इसका पेमेंट करने और वित्तीय मदद करने के आरोप लगे हैं।
टॉप एक्ट्रेसेस को क्लीन चिट की रिपोर्ट्स पर अधिकारी ने कहा कि किसी भी स्टार को क्लीन चिट देने की खबरें महज अफवाह हैं। ये झूठ और सच्चाई से कोसों दूर हैं। हमारी जांच जारी है, जैसे-जैसे सबूत मिलते रहेंगे, हम आगे भी समन भेजते रहेंगे।

