- ड्रग्स और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
चंडीगढ़। तमाम दावों और कांग्रेस नेतृत्व के प्रयासों के बावजूद पंजाब कांग्रेस में सिद्धू और सीएम चन्नी के बीच तकरार कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब पंजाब कांग्रेस प्रमुख सिद्धू ने ड्रग्स और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में रिपोर्ट सार्वजनिक न किये जाने पर अपनी ही सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
Read also: एमएसपी खत्म करने की केंद्र की भयावह योजना है: सिद्धू
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस्तीफा देने पर मजबूर करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू अब पंजाब की चन्नी सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर परेशानी पैदा कर रहे हैं। चन्नी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की इस चेतावनी ने एक बार फिर चन्नी सरकार को संकट में डाल दिया है। ड्रग्स और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में चन्नी सरकार पर निशाना साधने वाले सिद्धू ने अब इन मुद्दों की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। सिद्धू का कहना है कि नशे ने पंजाब के लाखों नौजवानों को बर्बाद कर दिया और लाखों लोगों को राज्य छोड़कर जाने पर मजबूर होना पड़ा है। नशे की रिपोर्ट को सार्वजनिक करना आवश्यक बताते हुए सिद्धू ने कहा कि नशे के कारोबार की कमर तोड़ने के लिये यह जरूरी है। सिद्धू ने नशे के साथ बेअदबी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक न किये जाने पर भूख हड़ताल पर बैठने और इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।
Read also: सिद्धू फिर से बने सिंह, झुकी चन्नी सरकार
पूर्व में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस नेतृत्व को परेशानी में डालने वाले सिद्धू का फिर से इस्तीफा देने और भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी चन्नी सरकार के लिये भी मुश्किलें लेकर आयी है। चंद महीनों के बाद पंजाब में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में सिद्धू का यह रूख जहां चुनाव प्रचार अभियान को प्रभावित कर रहा है वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भी असमंजस में हैं। वहीं पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह और भाजपा के संभावित गठबंधन से मिली चुनौती का सामना दो फाड़ हुई कांग्रेस के लिये कर पाना भी मुश्किल होगा।

