लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद का काउंटडाउन अब शुरू हो चुका है। नतीजे के फैसले की घड़ी नजदीक है। धुंआधार प्रचार अभियान के बाद कंजर्वेटिव के सदस्य आज अंतिम चरण का मतदान कर रहे हैं। हालांकि औपचारिक रूप से नतीजों का एलान सोमवार को किया जाएगा। लेकिन विदेश मंत्री लिज ट्रस अपने प्रतिद्वंदी भारतवंशी ऋषि सुनक पर भारी पड़ी हैं। अब माना जा रहा है कि लिज ट्रस ही ब्रिटेन की नई पीएम होंगी। उनका ब्रिटेन की नई पीएम बनना अब लगभग पूरी तरह से तय हो चुका है।
सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के नया पीएम चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को अपना इस्तीफा सौंपेगे। बोरिस जॉनसन ने सरकार की नीतियों व स्कैंडल के खिलाफ मंत्रियों के इस्तीफों के बाद जुलाई में पीएम पद छोड़ने का एेलान किया था। इसके बाद अगस्त में बोरिस की पार्टी के करीब दो लाख सदस्यों ने पोस्टल और ऑनलाइन वोटिंग शुरू किया था। जो कि आज देर शाम तक पूरी हो जाएगी। मतदान में ट्रस को जबर्दस्त समर्थन की जानकारी मिली है।
नए पीएम के लिए यह सफर ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। क्योंकि पीएम निवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट में पहुंचने पर नए पीएम को आर्थिक व अन्य चुनौतियों से निपटना होगा। ब्रिटेन इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। महंगाई और जीवन यापन के बढ़ते खर्च के संकट का सामना कर रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच जंग के चलते ईंधन की कीमतें आसमान पर हैं और इसके कारण मुद्दास्फीति दर दहाई के अंक को पार कर गई है।

