पंजाब पुलिस ने ISI समर्थित सीमा-पार के दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तरनतारन के पट्टी निवासी वंश कुमार (19) और अनमोल सिंह (20), तथा अमृतसर के हरमन सिंह (24), सुखदेव सिंह (30) और सुखमन सिंह (19) शामिल हैं। इनके पास से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस, 4 पेट्रोल बम और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। उनका काम स्थानीय युवाओं को आतंकी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल करना, सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखना और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करना था।
एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने दो नाबालिगों को भी पकड़ा। उनके पास से .32 बोर की देसी पिस्तौल, दो पेट्रोल बम और एक लाइटर बरामद हुआ।
जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास CCTV कैमरे लगाए थे ताकि इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इन कैमरों की रिकॉर्डिंग कथित तौर पर विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स को भेजी जाती थी।
इस मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन पुलिस स्टेशनों में FIR दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क, उसके वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित आतंकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह का संबंध किसी अन्य आतंकी गतिविधि से तो नहीं है।
पंजाब में पहले भी हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

