न्यूज़ डेस्क – देश में 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। सत्ताधारी गठबंधन एनडीए ने अपने उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल और तमिलनाडु के बड़े चेहरे सीपी राधाकृष्णन का नाम घोषित कर दिया है। दूसरी ओर, विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने अब तक अपने उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया है। हालांकि, चर्चा तीन नामों की है।
पूर्व इसरो वैज्ञानिक मैलस्वामी अन्नादुरई (चंद्रयान-1 परियोजना के प्रमुख)
डीएमके सांसद तिरुचि सिवा
और महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी
विपक्षी दलों का कहना है कि वे इस चुनाव को ‘लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई’ के रूप में पेश करना चाहते हैं।
आज दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों की अहम बैठक बुलाई गई है। उम्मीद है कि इस बैठक के बाद आधिकारिक रूप से विपक्ष के उम्मीदवार का नाम सामने आ जाएगा।
हालांकि, विपक्षी गठबंधन के भीतर कुछ दलों ने एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन की तारीफ भी की है, जिससे तस्वीर और दिलचस्प हो गई है।

