जम्मू। राज्य के शोपियां और बारामुला में देर रात से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इलाके को सुरक्षाबलों ने चारों ओर से घेरा हुआ है। इलाके में आतंकियों के होने की जानकारी है। वहीं इलाके के भीतर से आतंकवादी सुरक्षाबलों को फायरिंग कर रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक शोपियां के चित्रगाम में सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरा है। सुरक्षाबलों को देर रात सूचना मिली कि चित्रगाम में कुछ आतंकी रूके हुए हैं। इसके बाद तलाशी अभियान भी चलाया गया। दूसरी ओर बारामुला में मुठभेड़ चल रही है। बारामुला के विद्दीपोरा पाटन इलाके में जारी मुठभेड़ में आतंकियों के घिरे होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन अभी जारी है। इससे पहले दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में गत मंगलवार और सोमवार को तीन आतंकवादी सुरक्षाबलों ने मार गिराए थे। पुलिस ने बताया कि जिले के अहवाटू गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने चारों ओर से घेराबंदी शुरू की। सुरक्षा बलों का घेरा सख्त होने पर छिपे आतंकवादियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने इसका कोई मौका नहीं दिया। कई बार आत्मसमर्पण की अपील के बाद वे नहीं माने और लगातार सुरक्षा बलों पर फायरिंग करते रहे। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की।
लगभग चार घंटे चली मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार दिया गया। कश्मीर एडीजीपी विजय कुमार ने बताया कि फिलहाल सर्च ऑपरेशन चल रहा है। दो स्थानीय आतंकियों के घिरे होने की खबर है। जिसमें दोनों मारे गए है। दोनों आतंकवादी कई आतंकी घटनाओं में शामिल रहे थे। सोमवार को बटपोरा इलाके में मुठभेड़ में जैश सरगना पाकिस्तानी आतंकी अबू हुरेरा मार गिराया गया था। उसके पास से हथियार के अलावा ग्रेनेड बरामद किए गए।

