मेरठ। गंगानगर स्थित IIMT यूनिवर्सिटी एक बार फिर से सुर्खियों में आ गई है। इस बार भी IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। IIMT यूनिवर्सिटी कैंपस से बीफार्मा और डीफार्मा कर रहे करीब 300 छात्रों की परीक्षा में बैक आने से हंगामा मच गया है। छात्रों का कहना है कि एक साथ 300 की बैक कैसे आ सकती है।
300 छात्रों की एक साथ बैक आने पर IIMT यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों ने जोरदार हंगामा किया। हंगामा कर रहे छात्रों का आरोप है यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बीफार्मा, डीफार्मा के 300 छात्रों को जानबूझकर बैक लगाया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन भी अब अपनी जिद पर अड़ा हुआ है। IIMT यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रों की बैक क्लियर नहीं कर रहा। इस मामले में छात्रों की कहीं कोई सुनवाई नहीं होने उनका भविष्य अंधकार में अटका हुआ है।
IIMT यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों के लिए गेट भी बंद करवा दिए हैं। आक्रोशित छात्रों ने कैम्पस में अंदर और बाहर दोनों जगह जमकर प्रदर्शन और हंगामा किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि दो दिन पहले उन्होंने IIMT यूनिवर्सिटी प्रशासन को बैक क्लियर करने के लिए प्रार्थनापत्र दिए थे। लेकिन उनके प्रार्थनापत्र पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। विवि प्रशासन प्रार्थना पत्र लेकर शांत बैठ गया है। विवि की इस लापरवाही से गुस्साए छात्रों ने आज गुरुवार को यूनिवर्सिटी कैम्पस में जमकर हंगामा किया है। काफी छात्र धरने पर बैठ गए हैं।
छात्रों के प्रदर्शन को देख यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्डों ने मुख्य गेट बंद कर दिया और बाउंसरों को तैनात कर दिया। जिससे धरना देने वाले आधे छात्र कैम्पस में अंदर और आधे बाहर रह गए। हंगामा बढ़ता देख गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। लेकिन हंगामा कर रहे छात्र शांत नहीं हुए। छात्रों का कहना है जब तक IIMT यूनिवर्सिटी उनकी बैक क्लियर नहीं करेगी मांगें नहीं मानती वो विरोध करते रहेंगे। छात्रों ने भूख हड़ताल की भी चेतावनी दी है।

