अलीगढ़। जिले के थाना छर्रा पुलिस पर लूट के एक मामले में युवक को थाने के अंदर बंद कर थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। जहां थाना छर्रा पुलिस लूट के आरोप में एक युवक को थाने पर लेकर पहुंची थी। वहां थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को थर्ड डिग्री देते हुए पूछताछ के दौरान पुलिस कस्टडी में बेरहमी से मारपीट की। पुलिसकर्मियों द्वारा दी गई थर्ड डिग्री के बाद युवक की हालात खराब हो गई। जिसे पुलिस ने आनन-फानन में अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। परिजनों की शिकायत पर मामले को तूल पकड़ता देख एसएसपी ने छर्रा थाने में तैनात दो दारोगाओं सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया और इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
Also read: घर से भागकर समलैंगिक बहनों ने की शादी, पुलिस परिजनों को इस हालत में मिली
थाना छर्रा इलाके में छोगवा मोड पर गल्ला व्यापारी की बाइक में टक्कर मारकर कार सवार बदमाशों ने बिजौली के गल्ला व्यापारी मनोज सिंघल से अप्रैल 29 लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने गल्ला व्यापारी के साथ हुई इस लूट के पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले जेल भेज दिया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को और जेल भेज था। इसके बाद पुलिस छेगवां गांव के रहने वाले राहुल चौधरी को लूट के मामले में पूछताछ के लिए थाने पर लेकर पहुंची थी।
पुलिस कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ करते हुए थर्ड डिग्री दी गई। पिटाई से उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वो थाने पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा थर्ड डिग्री देने से राहुल की तबीयत बिगड़ी है। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत एसएसपी कलानिधि नैथानी से की। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए थाने में तैनात दो दरोगा और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इतना ही नहीं इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच के लिए आदेश दिए हैं।

