सहारनपुर। बसपा पूर्व एमएलसी और खनन माफिया हाजी इकबाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। दरअसल पुलिस को आशंका है कि हाजी इकबाल विदेश भागने की तैयारी में है। इसी आशंका को लेकर पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल और उनके परिजनों के साथ-साथ उनके एक मुंशी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच बेहट पुलिस कर रही है।
जांच में पुलिस को पता चला कि इस गैंग ने लोगों को डरा धमका कर और फर्जी तरीके से कागजात तैयार करके करोड़ों रुपए कीमत की संपत्ति अर्जित की है। इस मुकदमे की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया था। गिरफ्तारी को लेकर भी टीमें बनाई गई थी। अब पुलिस ने हाजी इकबाल के बेटे आलीशान को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
उसके पास एक फॉर्च्यूनर कार भी मिली जिसके कागजात आलीशान के पास नहीं थे। पुलिस ने उस कार को भी सीज कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि अब उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली है कि पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला विदेश भाग सकता है ऐसे में उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

