हरिद्वार। बैसाखी पर्व 2023 पर आज लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हर की पैड़ी की ओर बढ़ रही थी। हरकी पैड़ी सहित गंगा घाटों पर लोगों की काफी संख्या में भीड़ रात से ही आनी शुरू हो गई थी।
श्रद्धालुओं में नहीं दिखा कोरोना का असर
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं में कोरोना का कोई असर नहीं दिखा। श्रद्धालु बिना मास्क के हर की पैड़ी पर पहुंचे और गंगा में डुबकी लगाई। इस दौरान रैंडम थर्मल स्कैनिंग करने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी नजर नहीं आई। मेला क्षेत्र के अलावा होटल, लॉज, धर्मशालाओं में ठहरने वालों की रैंडम थर्मल स्कैनिंग करने के साथ ही सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता के आदेश जारी किए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग सीमित संसाधनों और कर्मियों के चलते थर्मल स्कैनिंग नहीं कर सका। बैसाखी पर्व स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हरकी पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शुरू हो गई थी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पर्व पर 9 लाख 45 हजार लोगों ने किया हरिद्वार में गंगा स्नान किया।
गंगा स्नान कर भक्तों ने मंदिरों में किए दर्शन
अलग-अलग राज्यों से गंगा स्नान के लिए पहुंचे भक्तों ने मंदिरों में दर्शन भी किए। हरकी पैड़ी पर स्नान कर गंगा पूजन के बाद श्रद्धालु मां मनसा देवी और चड़ी देवी, श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचे। चंडी और मनसा देवी के लिए रोप-वे टिकट की मारामारी रही। टिकट के लिए श्रद्धालुओं को घंटों कतार में जूझना पड़ा। मंदिरों में देवी के दर्शनों के लिए भी घंटों कतार लगी।
व्यापारियों के चेहरों पर चमक
चारधाम यात्रा 2023 से पूर्व बैसाखी के स्नान पर उमड़ी भीड़ से व्यापारी खुश नजर आए। बाजारों में देर रात तक चहल पहल रही। अपर रोड जीरो जोन रहा। बाजार में हरकी पैड़ी के लिए आवाजाही करने वाले यात्रियों का हुजूम उमड़ा। श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री के अलावा अन्य जरूरत के सामान की खरीदारी की।

