कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली पहुंचकर 10 दिन के ब्रेक पर है, अगले पड़ाव के लिए यह यात्रा अब 3 जनवरी को दिल्ली से निकलकर यूपी पहुँचने वाली है. कांग्रेस पार्टी ने इस यात्रा में शामिल होने के लिए अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं को आमंत्रित करने के साथ ही भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था, अब पता चला है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी का निमंत्रण यह कहकर ठुकरा दिया है कि जो लोग ‘भारत तोड़ो में शामिल हैं वो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे हैं।
निमंत्रण मिलने से इंकार
डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें ऐसा कोई निमंत्रण नहीं मिला है, लेकिन मीडिया में चल रही ख़बरों से ज़रूर पता चला है. उन्होंने कांग्रेस की इस पेशकश को यह कहकर खारिज कर दिया कि पीएम मोदी विकास कार्यों के माध्यम से भारत को जोड़ने के लिए असली प्रयास कर रहे हैं। यह लोग तो भारत तोड़ो वाले हैं जो अब ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और रालोद चीफ जयंत चौधरी के अलावा कई अन्य विपक्षी पार्टी के नेताओं को आमंत्रित किया है।
माया-अखिलेश का जाना मुश्किल
खबर के मुताबिक जयंत चौधरी ने तो पहले से तय प्रोग्राम का बहाना बनाकर यात्रा में शामिल होने से इंकार कर दिया है, वहीँ बसपा से अभी कोई बात पता नहीं चली है, हालाँकि वहां से किसी का जाना बहुत मुश्किल है, मायावती का तो सवाल ही नहीं, अलबत्ता सपा से अखिलेश यादव हो सकता है किसी को नुमाइंदे के रूप में भेज दें हालाँकि उम्मीद इसकी भी कम ही है.

