मुंबई: गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा के बाद रविवार देर शाम फेसबुक लाइव के जरिए अभिनेता दीप सिद्धू भावुक होते दिखाई दिए। इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता और गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सनी देओल पर भी धोखा देने का आरोप लगाया है। पंजाबी गायक और अभिनेता दीप सिद्धू ने फेसबुक लाइव में कहा, ‘मैं बेहद दुखी हूं। मैंने अपनी जिंदगी के 20 दिन ये सोचकर सनी देओल को दिए थे कि वे मेरे भाई हैं। मैं आपको बताना चाहूंगा कि मैंने कभी भी बीजेपी के लिए वोट नहीं मांगा। इसके बावजूद आप मुझपर आरोप लगा रहे हैं कि मैं बीजेपी और आरएसएस का आदमी हूं।’
सनी देओल के पोस्ट पर बात करते हुए दीप सिद्धू ने कहा, ‘सनी देओल आप अपने लोगों के साथ गलत कर रहे हो जब आपसे लोगों के साथ खड़े होने की उम्मीद थी, उस समय आप अपना हाथ छोड़ चले गए। मुझे लोगों के सामने गद्दार की तरह पेश किया। जब 5 लाख लोग लाल किले में घुसे थे, तब उस दौरान कई नेता और गायक शामिल हुए थे लेकिन केवल मुझपर निशाना क्यों साधा जा रहा है। कई लोगों ने सरकार को लेकर अपनी नाराजगी प्रकट करने के लिए ऐसा किया था। मैं इसलिए काफी दुखी हूं कि लोग मेरे बारे में क्या सोच रहे हैं।’

