सीएम चन्नी को इंतजार करने से नाराज सिद्धू बोले, मुझे सीएम बनाया होता तो देखते
चंडीगढ़। पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह को इस्तीफा देने को मजबूर करने के बाद खुद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने वाले सिद्धू एक ओर जहां प्रियंका-राहुल गांधी से प्रेरित होकर अनशन पर बैठने की बात कह रहे हैं वहीं दूसरी ओर वह 2022 तक कांग्रेस के मर जाने का दावा करते भी दिख रहे हैं। एक वायरल वीडियो में वह खुद को सीएम बनाये जाने की वकालत करते दिख रहे हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटा आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू हिंसा के दौरान मारे गए पत्रकार रमन कश्यप के घर पर अनशन पर बैठे हुए हैं। सिद्धू ने पंजाब के मोहाली से यात्रा निकाल कर लखीमपुर खीरी तक पहुंचने और यहां अनशन पर बैठने के लिये राहुल-प्रियंका गांधी से प्रेरणा मिलने की बात कही है। लेकिन पंजाब से लखीमपुर के लिये मार्च निकालने से पहले सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का इंतजार करने से खफा नवजोत ने कहा है कि 2022 तक कांग्रेस मर जायेगी।
60.6 प्रतिशत से अधिक लोगों का मानना, लखीमपुर घटना के पीछे अजय मिश्रा का बयान : सर्वे
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम चन्नी के देर से आने पर नाराजगी जाहिर करते हुए बताया जा रहा है। इस वीडियो में पंजाब के वर्किंग प्रेजिडेंट सुखविंदर सिंह डैनी मार्च सफल रहने की बात करते हैं तो पहले से नाराज सिद्धू तपाक से बोलते हैं, सफलता कहां है? यदि भगवंत सिद्ध के बेटे (नवजोत सिंह सिद्धू) को नेतृत्व दिया गया होता, तब आप देखते…. 2022 तक कांग्रेस मर जाएगी। इस वीडियो में नवजोत अपशब्द बोलते भी दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि बिजनेस बाइट्स नहीं करता है मगर इस वीडियो को गलत साबित करने का प्रयास भी सिद्धू या कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं किया गया है। वहीं इस वायरल वीडियो को लेकर अकाली दल ने सिद्धू पर हमला बोल दिया है। अकाली दल के नेता डाॅ. दलजीत सिंह चीमा का कहना है कि नवजोत सिंह सिद्धू दलित समुदाय के सीएम का सम्मान नहीं करते। अपनी आकांक्षाओं को लोगों के कल्याण से ऊपर रखने वाला व्यक्ति राज्य को सही दिशा नहीं दे सकता।

