दिल्ली के सीएम ने कहा, दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई हो
नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी हिंसा के अनेक वीडियो सामने आने के बावजूद मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार नहीं हुआ है। क्योंकि वह केंद्रीय मंत्री का बेटा है इसलिये प्रदेश सरकार उसे गिरफ्तार करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को दुःखद बताते हुए कहा कि इस मामले में दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर उन पर कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिये।
दरअसल लखीमपुर खीरी हिंसा में मुख्य आरोपी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पायी है। पुलिस ने आशीष मिश्रा के घर के बाहर जांच के लिये पेश होने का नोटिस चस्पा किया है। केंद्रीय मंत्री के बेटे को गिरफ्तार न किये जाने पर विपक्षी दल प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट लगाये फटकार, सीएम बतायें हाईकोर्ट की रूलिंग
कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी हिंसा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा और उनके बेटे अशीष मिश्रा के साथ ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी निशाना साधा है। प्रियंका गांधी का कहना है कि बिना किसी एफआईआर के यूपी पुलिस ने मुझे हिरासत में लिया था। लेकिन वही पुलिस उस व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं कर सकी है जिसके खिलाफ हिंसा के मामले में एफआईआर तक दर्ज हो गई है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चश्मदीद गवाह ने आशीष के घटना के समय मौके पर मौजूद होने की पुष्टि की है मगर केंद्रीय मंत्री कह रहे हैं कि उनका बेटा वहां मौजूद ही नहीं था।
लखीमपुर हिंसा: भाजपा के लिए दर्द, कांग्रेस के लिए दवा
वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटा आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू अनशन पर बैठे हुए हैं। हिंसा के दौरान मारे गए पत्रकार रमन कश्यप के घर पर अनशन पर बैठे हुए सिद्धू का कहना है कि मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी न होने तक वह अनशन से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा कि जांच में सहयोग न करने वाले मंत्री पुत्र को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिये।

