Cyclonic Storm ‘Lee’: US-Canada में चक्रवाती तूफान ‘ली’ ने उत्तर-पूर्वी अमेरिका और पड़ोसी देश कनाडा में कहर बरपाया है। चक्रवाती तूफान ली तेजी से उत्तर पूर्वी अमेरिका की ओर बढ़ रहा है। इससे हजारों लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। तूफान के चलते भारी बारिश हुई और बिजली के तार टूट गए हैं।
तूफान से भारी बारिश कई जगह बिजली के तार टूट गए
चक्रवाती तूफान ‘ली’ के उत्तर-पूर्वी अमेरिका और पड़ोसी देश कनाडा के इलाकों की ओर बढ़ने से भारी तबाही मची है। तूफान के चलते हुई तबाही में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इससे हजारों लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। तूफान से भारी बारिश हुई है और कई जगह पर बिजली के तार टूट गए हैं। अमेरिका और कनाडा की मीडिया ने यह जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, अमेरिका के मैसाचुसेट्स और मेन के कुछ हिस्सों में मौसम की गंभीर स्थिति का पूर्वानुमान था। अधिकारियों ने बताया कि मेन से नोवा स्कोटिया में हजारों लोग वर्तमान में बिजली के बिना हैं। बाइडन प्रशासन ने मेन के लिए आपातकालीन घोषणा जारी की है। राज्य के लिए संघीय सहायता प्रदान की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरिन जीन पियरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम इस बड़े और खतरनाक तूफान के रास्ते में आने वाले सभी लोगों को सतर्क रहने के लिए कह रहे हैं।
अमेरिका के राष्ट्रीय तूफान केंद्र (एनएचसी) के अनुसार, तटीय बाढ़ और भारी बारिश के साथ 130 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने अमेरिका और अटलांटिक कनाडा में न्यू इंग्लैंड क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में सामान्य जीवन को प्रभावित किया है। कनाडाई तूफान केंद्र ने तूफान ‘ली’ के नोवा स्कोटिया में आज दोपहर 3 बजे (कनाडाई समय) के बाद न्यू ब्रंसविक में भीषण तेज हवाओं के साथ तूफान के दस्तक देने की संभावना जताई है।
तटीय मेन के कुछ हिस्सों में 4.5 मीटर ऊंची लहरें
राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी लुईस फोडे ने कहा तटीय मेन के कुछ हिस्सों में 4.5 मीटर ऊंची लहरें उठेगी। जिससे कटाव और नुकसान होगा। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि हवा के तेज झोंके बिजली कटौती का कारण बन सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान ली ने 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से कनाडा में दस्तक दी है। तूफान ने भारी मात्रा में तबाही मचाई है। तूफान से नोवा स्कोटिया में नुकसान पहुंचा। एक व्यक्ति की मौत हो गई।

