अरे भाई, देख कर जाओ…तुम्हारी कार मेरी कार से छू रही है! कार चलाते वक्त आपने भी किसी न किसी से ऐसी बातें जरूर कही होंगी। ये कहना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि अगर कार में स्क्रैच पड़ जाए तो हजारों रुपये का नुकसान होना तय है. मन तो तब ख़राब हो जाता है जब कोई नई कार को खरोंच कर चला जाता है. कभी-कभी तो खुद की गलती के कारण कार में कई खरोंचें आ जाती हैं।
देखा जाए तो कार में स्क्रैच लगना एक बहुत ही आम समस्या है, लेकिन इसमें बार-बार खर्च करना किसी के लिए भी संभव नहीं है। ऐसे में यहां हम आपको कुछ ऐसे देसी ट्रिक्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप घर पर ही बिना पैसे खर्च किए आसानी से कार का स्क्रैच हटा सकते हैं। यकीन न हो तो एक बार खुद भी आजमा कर देख लीजिए.
बेकिंग सोडा से कार पर लगी खरोंचें हटाएं
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल खाना बनाने में तो सभी करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसकी मदद से आप कार से खरोंच भी हटा सकते हैं।
जी हां, इसके लिए आपको बस बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार करना है और इसे कपड़े की मदद से खरोंच वाली जगह पर लगाना है। फिर इस पेस्ट को खरोंच पर रगड़ें और साफ पानी से धो लें। इसके बाद बेहतर परिणाम के लिए इस प्रक्रिया को एक बार फिर से दोहराएं।
टूथपेस्ट से हटाएं कार की खरोंचें
अगर खरोंच ज्यादा गहरी नहीं है तो आप इसे टूथपेस्ट से आसानी से हटा सकते हैं। इसके लिए आपको कोई अतिरिक्त पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. बस वह टूथपेस्ट उठाएं जिसका उपयोग आप प्रतिदिन अपने दांतों को सफेद करने के लिए करते हैं और अपनी कार से खरोंच साफ करें।
लेकिन उससे पहले खरोंच को पानी से साफ करे और साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। फिर एक साफ कपड़े पर टूथपेस्ट लगाएं और अपने हाथों को गोलाकार गति में घुमाते हुए इसे खरोंच पर हल्के से रगड़ें। इसके बाद इसे गीले कपड़े से पोंछकर साफ कर लें।
सिरके का प्रयोग
सिरके का उपयोग आमतौर पर घरों में खाना पकाने और सफाई के लिए किया जाता है। लेकिन आप इससे अपनी कार से खरोंच भी हटा सकते हैं।
इसके लिए सिरके को बराबर मात्रा में पानी के साथ मिलाकर खरोंच वाली जगह पर लगाएं, हल्के हाथ से रगड़ें और फिर साफ पानी से धो लें। खरोंच को पूरी तरह से साफ करने के लिए आपको इस प्रक्रिया को 2-3 बार दोहराना पड़ सकता है।
स्क्रैच रिमूवर किट
स्क्रैच रिमूवर किट की कीमत आपको ऊपर बताए गए उपायों से थोड़ी अधिक हो सकती है, लेकिन यह सर्विस सेंटर के बार-बार होने वाले खर्च को जरूर कम कर देती है। इसकी मदद से आप घर पर ही हल्की और गहरी खरोंचों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

