महाराष्ट्र की सियासत में शिवसेना के खिलाफ एकनाथ शिंदे द्वारा की गयी सबसे बड़ी बगावत के अब उनके साथ गए उन सात मंत्रियों पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे है. शिंदे के साथ गए सभी मंत्रियों को मंत्री पद से बर्खास्त कर उनकी जगह पर नए लोगों को मंत्री बनाने की बात की जा रही है. बागियों के खिलाफ यह उद्धव ठाकरे की एक बड़ी कार्रवाई होगी, इससे पहले आज 16 विधायकों को अयोग्यता नोटिस भी भेज दिया गया है. इन दोनों सूचियों में एकनाथ शिंदे का नाम भी शामिल है. शिंदे के अलावा बाकी मंत्रियों में दादा भूसे, शम्भुराज देसाई, गुलाबराव पाटिल, संदीपन भुमरे, बच्चू कडु और अब्दुल सत्तार के नाम शामिल हैं.
बता दें कि आज शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बागियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अधिकार दिया गया है. बैठक में ही यह फैसला लिया गया था कि बागियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाय. कार्यकारिणी की बैठक के बाद शाम हुई एक और मीटिंग में इस बात पर पर चर्चा हुई कि नया मंत्रिमंडल गठित किया जाय.
Read also: Eknath Shinde Shiv Sena: गुवाहाटी से कहाँ गायब हुए थे शिंदे, हुआ खुलासा
इस बीच डिप्टी स्पीकर ने गुवाहाटी में बैठे बागी विधायकों को अयोग्यता नोटिस जारी कर उन्हें 27 जून शाम साढ़े पांच बजे तक जवाब देने के लिए कहा है. नोटिस का जवाब न देने पर यह मान लिया जायेगा कि उनके पास कहने को कुछ नहीं है और फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीँ बगावत करने वाले विधायक दीपक केसरकर ने कहा है कि उन लोगों ने अभी शिवसेना को नहीं छोड़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि उन लोगों ने अपने गुट का नाम शिवसेना (बालासाहेब) रख लिया है. केसरकर ने यह भी कहा कि फैसले को कोर्ट में चुनौती दी जाएगी.

