आशियाने की चाह में भूले कोरना का खौफ

मेरठ रीजनआशियाने की चाह में भूले कोरना का खौफ

Date:


आशियाने की चाह में भूले कोरना का खौफ

प्रधानमंत्री आवास योजना में घर पाने की आस में जुटी लोगों की भीड़
गढ़ रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं रखा ख्याल

मेरठ। अपने लिए एक आशियाने की चाहत हर व्यक्ति को होती है। सिर छुपाने के लिए छत मिल जाए तो जीवन का एक बड़ा लक्ष्य पूरा होता नजर आता है। अपने घर के सपने को साकार करने के लिए आज गढ़ रोड स्थित एचडीएफसी बैंक पर जुटी लोगों की भीड़ ने कोरोना के खतरे को भी नजरअंदाज कर दिया।

मौके पर मौजूद बैंक का स्टाफ और पुलिसकर्मी भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में नाकामयाब रहे। वहीं बिना मास्क पहने लोग भी बैंक के बाहर नजर आए।

मेरठ महानगर में कोरोना का संक्रमण तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। मगर आवास विकास द्वारा जागृति विहार एक्सटेंशन में बनाए जा रहे 566 प्रधानमंत्री आवास में अपने लिए एक आशियाना पाने की चाह में लोगों की भीड़ गढ़ रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा पर जुट गई।

एक-दूसरे पर चढ़ने के लिये तैयार लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भी उचित नहीं समझा। वहां मौजूद पुलिसकर्मी या बैंक के स्टाॅफ नें भी कोविड-19 के नियमों का पालन कराने का कोई प्रयास नहीं किया।

इन हालातों में कोरोना संक्रमण का मुकाबला करना या उसको हरा पाना संभव नहीं दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां पुलिसकर्मी सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों को मास्क न पहनने या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर भारी-भरकम चालान काटने को तैयार रहती है वहीं जहां भीड़ जमा होती है वहां पर कार्रवाई करने या जिम्मेदारी उठाने से भी परहेज करती है।

यही कारण है कि उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में कोरोना पर काबू पाने में काफी हद तक कामयाबी मिली है मगर मेरठ जैसे कुछ शहरों में लोगों की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता के चलते कोराना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है।

गौरतलब है कि आवास विकास परिषद द्वारा जागृति विहार एक्सटेंशन में 566 प्रधानमंत्री आवास का निर्माण किया जा रहा है। इन मकानों के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर है। पंजीकरण करवाने के लिए आवेदन पत्र के साथ पांच हजार रूपये गढ़ रोड स्थित एसबीआई बैंक की शाखा में जमा कराये जा रहे हैं। जिसके कारण आज वहां बेतहाशा भीड़ जुटी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related