नहीं मनाया जन्मदिन तो मासूम चल दिया देहरादून से बिजनौर

उत्तराखंडनहीं मनाया जन्मदिन तो मासूम चल दिया देहरादून से बिजनौर

Date:


नहीं मनाया जन्मदिन तो मासूम चल दिया देहरादून से बिजनौर

साईकिल से अपने नाना के घर जाने को निकला था
9 साल के अरहम का पुलिस ने थाने में मनाया जन्मदिन

देहरादून। 9 साल का मासूम अपना जन्मदिन न मनाये जाने और पिता के डांटने से इतना नाराज हुआ की घर छोड़कर अपने नाना के घर जाने को बिजनौर के लिये निकल पड़ा। साईकिल पर सवार मासूम को देख पुलिस को शक हुआ तो बच्चे ने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। देहरादून से बिजनौर के सफर के लिये निकले मासूम की हिम्मत और मासूमियत देखकर पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गये। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चे के जन्मदिन को यादगार बनाते हुए थाने में केक कटवाया। इसके बाद बच्चे के परिवार को सूचना देकर बच्चे को उनके हवाले किया गया।

नौ साल के अरहम का दिल अपने जन्मदिन की खुशियों को सेलीब्रेट करने के लिये झूम रहा था। मगर उसके पिता मतलूब ने न सिर्फ उसका जन्मदिन मनाने से इंकार कर दिया बल्कि जन्मदिन मनाने की जिद पर अड़े अरहम को डांट भी दिया। इस बात पर नाराज होकर अरहम ने अपने नाना के घर बिजनौर जाने की ठानी और साईकिल उठा कर देहरादून से बिजनौर के सफर के लिये निकल पड़ा। थाना नेहरू कॉलोनी के रिस्पना क्षेत्र में एक छोटे बच्चे को साईकिल पर जाने की सूचना पर थाना नेहरू पुलिस मौके पर पहुंची और बाल कल्याण अधिकारी को सूचित किया। पूछताछ में अरहम नेे बताया कि जन्मदिन न मनाये जाने से नाराज होकर वह अपने नाना के घर जा रहा था।

मासूम की नाराजगी और उसके उठाये कदम से आश्चर्यचकित पुलिसकर्मियों ने उसका जन्मदिन मनाने की सोची। देखते ही देखते नेहरू थाने में बच्चे के जन्मदिन की खुशियां बिखर गयीं। अरहम ने केक काटा तोे पुलिसकर्मियों ने उसे बर्थडे की बधाई के साथ उपहार भी दिये। अपना जन्मदिन मनाने की ख्वाहिश पूरी होने पर अरहम बेहद खुश नजर आ रहा था। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसके परिवार से संपर्क साध कर अरहम को उन्हें सौंप दिया।

मासूम बच्चे की ख्वाहिश पूरी कर मानवता का परिचय देने वाली थाना नेहरू पुलिस की जमकर तारीफ हो रही है। जिसने एक मासूम के चेहरे पर मुस्कान लौटाने के साथ बच्वे को उसके परिवार से मिलाने का सराहनीय प्रयास किया। वहीं मासूम अरहम के लिये भी यह दिन यादगार बन गया।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related