मेरठ/देहरादून। पश्चिमी उप्र और उससे सटे उत्तराखंड प्रदेश में एक बार फिर से मौसम पलटी मारने को तैयार है। एक और पश्चिमी विक्षोभ इस समय दस्तक दे रहा है। जिसके चलते मौसम में परिवर्तन की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की माने तो आज रात से एक मध्यम गति का पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के पहाडी इलाकों में सक्रिय हो रहा है। जिससे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ ही बारिश के आसार भी बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज शाम से पश्चिमी उप्र सहित उत्तराखंड के मौसम (Uttarakhand Weather) में बदलाव शुरू होगा। वहीं दिन में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया जा रहा है।
मौसम विभाग (Weather department) के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय है। कृषि अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा0 एन सुभाष ने बताया कि दिन में मौसम शुष्क रहने के साथ ही शाम तक इसमें बदलाव की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक एक मध्यम गति का पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो रहा है। इस कारण से पवर्ततीन इलाकोंं में बारिश के साथ ही बर्फबारी की भी संभावना है। इससे पश्चिमी उप्र के मौसम का भी मिजाज बदलेगा। जिससे यहां पर तापमान में हल्की गिरावट के साथ ही तेज हवा चलने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि आज दिन भर धूप निकलने की संभावना जताई गई है। सोमवार को भी दिन में तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 25 डिग्री पर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री तक पहुंच गया था। धूप के चलते दिन के तापमान में हल्की सी वृद्धि दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक जाने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट का अंदेशा जताया जा रहा है।

