देहरादून। उत्तराखंड के अनाथालयों में रह रहे बच्चों के अब आयुष्मान कार्ड बनेंगे। जल्द ही इसके लिए खाद्य आपूर्ति और बाल विकास विभाग के साथ सचिव स्तरीय वार्ता के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने राज्य के अनाथालयों में रह रहे बच्चों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए है। बैठक में डॉ.रावत ने मतहतों को स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम जारी रखने के भी निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत विभागीय अधिकारी जिला चिकित्सालयों से लेकर ब्लॉक स्तर अस्पतालों का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं का भी फीडबैक लेंगे। जिससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक मजबूत किया जाएगा इसके लिए आगामी जुलाई में दो दिवसीय चिंतन शिविर का भी आयोजन होगा। इस शिविर में विभागीय अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले अनुभवी चिकित्सकों के साथ मंथन होगा।
Read also: उत्तराखंड के कुख्यात- दाऊद को टपकाने के लिए बना पीपी से बंटी पाण्डेय
बैठक में सचिव स्वास्थ्य राधिका झा,राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण चेयरमैन डीके कोटिया, एनएचएम मिशन निदेशक सोनिका, उत्तराखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. हेमचन्द्र, चिकित्सा शिक्षा अपर सचिव अरुणेंद्र सिंह चौहान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक मीतू शाह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अनाथालयों में रह रहे बच्चों का आयुष्मान कार्ड बनने पर उनको लाभ होगा। उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में कितने अनाथ बच्चे किस अनाथालयों में रह रहे हैं इसका आंकड़ा एकत्र करने के निर्देश स्वास्थ्य मंत्री ने दिए हैं।

