शिमला। हिमाचल प्रदेश का विधानसभा चुनाव में रैलियों का दौर शुरू हो चुका है। आज इसी कड़ी में भाजपा की चुनावी सभा को केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने संबोधित किया। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस नेता अपने नेतृत्व के बारे में सोचें। कांग्रेस के शीर्ष नेता देश के बाहर जाकर अपने देश के खिलाफ ही जहर उगलते हैं। कांग्रेस विचारधारा के लोग भारत विरोधी ताकतों का साथ दे रहे हैं। कांग्रेसी नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। भारत में रहते हुए भारत के खिलाफ बात करते हैं। रिजिजू आज रविवार को हरोली के ललड़ी और सदर विधानसभा क्षेत्र में ऊना शहर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
रिजिजू ने कहा कि मोदी सरकार के आने से अब विश्व स्तर पर परिस्थितियों में काफी बदलाव हुआ है। कांग्रेस सत्ता में रहते हुए भारत विरोधी ताकतों को लेकर बेहद नरम रही। ऐसे लोगों के खिलाफ केस तक दर्ज करने से कतराते रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के अतिरिक्त सीमावर्ती इलाके में विकास कोई नहीं कर सकता है। राष्ट्रवादी विचारों वाली पार्टी देश का भला कर सकती है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता के लिए नहीं बल्कि सेवा के लिए आते हैं। विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए भाजपा का सत्ता में रहना बेहद जरूरी है। इसलिए आने वाले चुनाव में एक बार फिर से भाजपा पर भरोसा करें और उसको प्रदेश में सत्ता की कमान सौंपे।

