पाकिस्तानी क्रिकेट टीम तीन टेस्ट और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए 28 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को रवानगी की तारीख की पुष्टि की और कहा कि टीम कोरोना वायरस के लिए लगाई गई पांबदियों के तहत 14 दिन के लिए डर्बीशर में क्वॉरनटीन में रहेगी लेकिन इस दौरान उसे अभ्यास करने की अनुमति होगी.
चयनकर्ताओं ने दौरे के लिए 29 खिलाडिय़ों की टीम चुनी है ताकि अगर कोई खिलाड़ी बीमार हो जाए तो तुरंत उसकी जगह कोई और खिलाड़ी मौजूद रहे. ऑलराउंडर शोएब मलिक टी20 मैचों में खेलेंगे और उन्हेंं पीसीबी ने 24 जुलाई को इंग्लैंड में टीम से जुडऩे की अनुमति दे दी है क्योंकि वह अपने परिवार के साथ थोड़ा समय बिताना चाहते हैं.
अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंध के कारण मलिक अपनी पत्नी भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और एक साल के बेटे इजहान से पांच महीने से मिल नहीं पाए हैं। सानिया और इजहान दोनों भारत में हैं जबकि वह सियालकोट में अपने घर में थे। बोर्ड के मुख्य कार्यकारी वसीम खान ने बयान में इसकी जानकारी दी।

