नई दिल्ली। पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमण के 8822 नए मामले सामने आए हैं। पिछले तीन माह में एक दिन के अंदर मिले ये सबसे ज्यादा मामले हैं। मंगलवार को सामने आए कोरोना संक्रमितों से ये मामले 33.8 प्रतिशत अधिक हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार एक दिन में 15 कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना संक्रमित एक्टिव केसों की संख्या 3089 से बढ़कर 53,637 पर पहुंच गई है।
हालांकि दैनिक संक्रमण दर अभी दो प्रतिशत पर ही है। बता दें कि पिछले तीन दिन से लगातार प्रतिदिन कोरोना के आठ हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। हालांकि गत मंगलवार को नए संक्रमितों की संख्या में कमी देखी गई थी। मंगलवार को 6594 नए संक्रमित मामले सामने आए थे। इससे पहले गत सोमवार को 8,084 कोरोना संक्रमित मिले थे। उससे पहले गत 10 जून को 8,328 नए मामले सामने आए थे और 11 जून को 8,582 कोरोना पाजिटिव पाए गए थे।
Also Read : कोरोना संक्रमण ने पकड़ी रफ्तार, बढ़ते मामले अब डराने लगे
सक्रिय मामलों में सर्वाधिक संख्या 787 बढ़ोतरी महाराष्ट्र में सामने आए हैं। उसके बाद दिल्ली में 616 मामले जबकि केरल में 406 और कर्नाटक में 196 केस दर्ज किए गए। उत्तराखंड और त्रिपुरा दो ऐसे राज्य हैं जहां पर एक्टिव केसों की संख्या में कमी आई है। आज बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में बताया कि रिकवरी रेट 98.66 फीसदी है। 24 घंटे में 5718 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। इसमें से सबसे अधिक 2165 लोग महाराष्ट्र और 1576 लोग केरल में ठीक हुए हैं। अब तक कुल 4,26,67,088 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। कोरोना के चलते बीते 24 घंटे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इसमें से सात मौतें केरल की हैं। जो पिछले दिनों हुईं थीं। इसके अलावा महाराष्ट्र में चार, दिल्ली में दो और मप्र-राजस्थान में एक-एक व्यक्ति की मौत कोरोना के कारण हुई है।

