दुनियाभर में फैशन के प्रति लोगों की सोच हर दिन बदलती रहती है। इस बदलते ट्रेंड में फैशन अहम भूमिका निभा रहा है। फैशन को लेकर बाजारों में कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। फैशन के इस दौर में लोग अपने पहनावे और स्टाइल पर बहुत ध्यान देने लगे हैं, चाहे वे अमीर हों या गरीब। इस फैशन के कारण इस क्षेत्र में तेजी से विकास देखने को मिल रहा है। यदि आपके पास रचनात्मक दिमाग है और फैशन की समझ है, तो यह क्षेत्र आपके लिए है। इस क्षेत्र में आने के लिए आप विभिन्न उपलब्ध कोर्स करके एक पेशेवर फैशन डिजाइनर बन सकते हैं।
ऐसे करे शुरुआत
फैशन डिजाइनर बनने के लिए आप 12वीं कक्षा पास करने के बाद ही इस क्षेत्र में कदम रख सकते हैं। फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में अंडर ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स किए जा सकते हैं। 12वीं के बाद आप स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आप बाद में उच्च शिक्षा के लिए मास्टर्स कोर्स में भी प्रवेश ले सकते हैं। इस क्षेत्र में कुछ संस्थान प्रवेश देने के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करते हैं, जबकि कई संस्थान मेरिट लिस्ट और डायरेक्ट मोड से भी प्रवेश प्रदान करते हैं।
फैशन डिजाइनिंग क्षेत्र के कुछ प्रमुख कोर्स
बैचलर ऑफ फैशन डिजाइनिंग
फैशन डिजाइनिंग में बीएससी
बैचलर ऑफ फैशन कम्युनिकेशन
फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा
फैशन स्टाइलिस्ट में डिप्लोमा
फैशन डिजाइनिंग में एम.ए
फैशन डिजाइनिंग में पीजी डिप्लोमा
फैशन प्रबंधन के मास्टर
किन पदों पर मिलेगी नौकरी
फैशन डिजाइनिंग कोर्स करने के बाद आप फैशन डिजाइनर, टेक्निकल डिजाइनर, फैशन कोऑर्डिनेटर, फैशन मार्केटर जैसे विभिन्न पदों पर नौकरी पा सकते हैं। इसके साथ ही आप फैशन शो आयोजक और किसी सेलिब्रिटी या बड़े फैशन स्टाइलिस्ट के निजी सहायक के रूप में भी शुरुआत कर सकते हैं। आपके अनुभव की योग्यता के आधार पर आपको बड़ी कंपनियों में नौकरी मिल सकती है। काम को अच्छे से सीखने के बाद आप अपना खुद का ब्रांड भी बना सकते हैं।
सैलरी कितनी होगी
इस क्षेत्र में शुरुआती समय में आपको 12 से 20 हजार रुपये प्रति माह वेतन मिल सकता है। यह अनुभव और योग्यता के आधार पर बढ़ता है। किसी सेलिब्रिटी या बड़ी कंपनी में काम करने पर आपको लाखों रुपए की सैलरी मिल सकती है। इसके अलावा अगर आप किसी के यहां नौकरी नहीं करना चाहते तो आप अपना खुद का स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं.

