- उत्तराखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 31973 हो गयी
- कोरोना संक्रमण से अब तक 414 मरीजों ने गवाईं जान
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में कोरोना का प्रसार रोकने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। दिन-प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रविवार को एक ही दिन में 1637 नए मरीज मिलने और 12 संक्रमित मरीजों की मौत हो जाने से शासन-प्रशासन की चिंताएं और बढ़ गयी हैं।
अब उत्तराखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 31973 तक पहुंच गयी है। कोरोना संक्रमण से अब तक 414 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि कोरोना काल के 25 वें सप्ताह में 80 लोगों की मौत के मुकाबले 26 वें सप्ताह में 72 लोगों की मौत हुई है। मगर कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है।
65397 लोगों की जांच पर 6375 लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया है।
स्टेट हेल्थ बुलेटिन के आंकड़ों के अनुसार रविवार को एम्स ऋषिकेश में भर्ती पांच, हल्द्वानी मेडिकल काॅलेज में चार, दून मेडिकल काॅलेज में दो जबकि महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। अब तक 414 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
कोरोना संक्रमण के खौफनाक ढंग से बढ़ते जाने के बावजूद स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों से घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि काफी संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं।
देहरादून में कोरोना संक्रमण का प्रसार सबसे अधिक
वहीं देहरादून में कोरोना संक्रमण का प्रसार सबसे अधिक तेजी के साथ हो रहा है। रविवार को जिले में एक ही दिन में रिकाॅर्ड 621 नए कोरोना मरीज मिले हैं। अब देहरादून में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 7585 और एक्टिव केस तीन हजार से अधिक हो गये हैं। वहीं हरिद्वार में 6737 और यूएसनगर में 5887 कोरोना संक्रमित हो गये हैं। देहरादून में एक्टिव मरीजों की संख्या तीन हजार से अधिक हो गई है।
सीएम ने की लोगों से अपील
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद सिंह रावत ने कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिये लोगों से कोविड-19 के नियमों का पालन जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की है। सीएम ने कहा है कि, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बहुत जरूरी है कि इस महामारी से बचाव के सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
मास्क का सही प्रयोग, सोशल डिस्टेसिंग का पालन और हाथों को बार-बार धोना व उन्हें सेनेटाइज करने जैसी महत्वपूर्ण बातों को सभी लोग अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

