लखनऊ: विधानसभा चुनाव में यूपी की सभी 403 सीटों पर आम आदमी पार्टी बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ने जा रही है। यूपी के चुनाव में पहली बार अपनी किस्मत आजमाने जा रही आम आदमी पार्टी लगातार सरकार को घेर रही है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी पूरे यूपी में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। हमारे पास दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के विकास का मॉडल है। हर कोई जानता है कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने कितना काम किया है। उसी तर्ज पर हम यूपी में भी काम करना चाहते हैं। हम जनता से झूठे वादे नहीं कर रहे, हम यूपी की जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे।
Read also: पंजाब में अब विधानसभा चुनाव 20 फरवरी को
उन्होंने कहा कि हम किसानों के विकास के लिए काम करेंगे। हम हर साल 10 लाख नौकरियां देंगे और युवाओं को 5000 रुपए बेरोजगारी भत्ता भी देंगे। सभाजीत सिंह ने बताया कि अपने घोषणापत्र के लिए हमने जनता से राय मांगी है। वजह है कि जनता की जरूरत थी कोई भी चीज छूटे ना। हर वर्ग के लोग हमें अपनी राय भेज रहे हैं, चाहे वह किसान हो व्यापारी हो या फिर आम आदमी हो। वहीं, प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार के नाम पर लाठियां मिली हैं। किसानों को फसल का दाम नहीं मिला उत्तर प्रदेश बदहाल कानून व्यवस्था से त्राहिमाम हो चुका है। इस सरकार के कार्यकाल में लाशों को हमने नदियों में बहते हुए देखा।
Read also: आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को बनाया सीएम उम्मीदवार
एक बार मौका देने की अपील
सभाजीत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में जाति मजहब की राजनीति करने नहीं आई है। हम मुद्दों की राजनीति में विश्वास रखने वाले लोग हैं। हम लोग लगातार जनता के बुनियादी मुद्दों पर आवाज उठाते आए हैं और उठाते रहेंगे। हमारे कई कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। हमने पढ़े-लिखे प्रत्याशियों को टिकट दिए हैं। हम जनता से अपील करना चाहते हैं कि एक बार हमें मौका देकर देखें, हम प्रदेश की गंदगी को झाड़ू से साफ कर के दिखाएंगे।

