लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 59 विधानसभा क्षेत्रों में 20 फरवरी को मतदान होगा। तीसरे चरण के मतदान में 2.16 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.16 करोड़ पुरुष, 0.999 करोड़ महिला और 1060 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। तीसरे चरण के चुनाव में 627 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 97 महिला प्रत्याशी हैं। यह जानकारी शनिवार को मुख्य निवार्चन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने दी।
Read also- यूपी विधानसभा चुनाव: सपा के लिए अपने कहीं न बन जाएं मुसीबत
मुख्य निवार्चन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर सायं 6 बजे तक चलेगा। चुनाव 16 जिलों हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर तथा महोबा में होगा। आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई है।
15 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र
कोविड-19 के दृष्टिगत मतदान दिवस को मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, हैण्ड सैनीटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी की व्यवस्था की गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर गाइड का भी वितरण किया गया है। वोटर गाइड में कोविड-19 से संबंधित डूज एंड डोण्ट्स का भी उल्लेख किया गया है। तीसरे चरण के चुनाव में 25794 मतदेय स्थल और 15557 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 641 आदर्श मतदान केंद्र और 129 सभी महिलाकर्मी मतदेय स्थल बनाए गए हैं। कोरोना के चलते चुनाव आयोग द्वारा मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1250 तक रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मतदेय स्थलों पर रैंप, शौचालय और पीने के पानी की सुविधा सुनिश्चित की गई है।
मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक, 16 पुलिस प्रेक्षक और 19 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए हैं। इसके अलावा 2235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट, 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 3069 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। यही नहीं राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक और दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं, जो कि क्षेत्र में रहकर संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का पर्यवेक्षण करेंगे। निर्वाचन की घोषणा के दिन से प्रचार अवधि की समाप्ति के दिन तक 16 जिलों में 21.76 करोड़ रुपए नकद तथा 2.81 लाख लीटर शराब की बरामदगी हुई है, जिसके संबंध में विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Read also- कमल हासन की एमएनएम ने की स्थानीय निकाय चुनाव में बूथ पर दोबारा मतदान की मांग
लाइव वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था
मतदान पर पर्यवेक्षण के लिए हर जिले के 50 फीसदी मतदेय स्थलों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर किया जाएगा। जरूरत के हिसाब से वीडियो कैमरे की व्यवस्था भी की गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। हर मतदान केंद्र पर अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है एवं ईवीएम के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गई है।
चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 5947 भारी वाहन, 6426 हल्के वाहन तथा 123411 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं। चुनाव में सभी 25794 मतदेय स्थलों के लिए मतदान के लिए आवश्यक ईवीएम एवं वीवीपैट और अलग-अलग जिलों में पर्याप्त मात्रा में रिजर्व ईवीएम एवं वीवीपैट की व्यवस्था की गई है। मतदान की अवधि में सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदाता सूची के साथ हेल्पडेस्क पर उपस्थित रहेंगे और आने वाले मतदाताओं की सहायता करेंगे।
Read also- ओडिशा में 171 जिला परिषद सीटों के लिए रविवार को होगा मतदान
अपराधिक प्रवृत्ति के प्रत्याशियों को 48 घंटे पहले तीन बार प्रकाशित करानी होगी अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि मतदान दिवस के 48 घंटे पूर्व न्यूनतम तीन बार अपने आपराधिक विवरण को प्रकाशित कराया जाना है। जिन प्रत्याशियों द्वारा ऐसा नहीं किया गया है, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उनके विरूद्ध नियमानुसार नोटिस निर्गत की गई है। आपराधिक पृष्ठभूमि का समस्त विवरण जन सामान्य के अवलोकन के लिए केवाईसी-ईसीआइ एप पर उपलब्ध है, जिसे किसी भी नागरिक द्वारा अपने फोन पर डाउनलोड कर देखा जा सकता है।

