- उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने किया था तिरंगा यात्रा का आयोजन
- सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं तिरंगे के अपमान की तस्वीरें
- हिंदू महासभा ने दर्ज कराई शिकायत, कार्रवाई करने की मांग
हल्द्वानी। आम आदमी पार्टी की ओर से हल्द्वानी में आयोजित तिरंगा यात्रा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू महासभा का आरोप है कि इस या़त्रा में आप कार्यकर्ताओं ने तिरंगे का अपमान किया। आप कार्यकर्ता तिरंगे को झाडू में लपेटकर ले जा रहे थे। कुछ कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज को गलत तरीके से लपेट कर ले जा रहे थे। इस प्रकार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
Read also: रैली में कॉल डिटेल्स एक्सेस का दावा करने पर शुभेंदु के खिलाफ मामला दर्ज
रविवार को आम आदमी पार्टी ने हल्द्वानी में राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली थी। इस यात्रा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए थे। लेकिन इस दौरान तिरंगे लेकर चलने के प्रोटोकाॅल का पालन नहीं किया गया। ऐसी ही कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
इस प्रकरण को लेकर हिंदू महासभा के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने हल्द्वानी की सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। प्रशांत अग्रवाल का आरोप है कि आम आदमी पार्टी की ओर से निकाली गयी तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है। आप कार्यकर्ता तिरंगे को झाड़ू से लपेट कर ले जाते दिखे। आप कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को सही तरीके से लपेटने तक का ध्यान नहीं रखा। उन्होंने राष्ट्रध्वज का अपमान करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Read also: अखिलेश से मिले आप के संजय, सियासी अटकलें तेज़
शिकायत सामने आने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह ने पुलिस की लोकल इंटेलिजेंस यूनिट से रिपोर्ट मांगी है। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप की पुष्टि होने पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह ने कहा कि इस मामले की प्राथमिक जांच के बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है।

