न्यूज़ डेस्क – उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने बीती रात आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें नौवीं मंजिल से कूद गईं। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। मृतक लड़कियों की पहचान निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) के रूप में हुई है। उनके पिता का नाम चेतन कुमार बताया गया है।
परिजनों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पूरा परिवार सो रहा था। तीनों बहनें चुपचाप उठीं और प्लास्टिक की कुर्सी लगाकर नौवें फ्लोर से छलांग लगा दी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में मोबाइल गेमिंग एप के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। पुलिस इस नोट की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं और गेम की लत लग चुकी थी। परिवार इस आदत के खिलाफ था और माता-पिता अक्सर उन्हें गेम खेलने से रोकते थे।
पुलिस का कहना है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी सामने आया है कि तीनों बहनें लगभग हर काम एक साथ करती थीं, जैसे पढ़ाई, खाना, सोना और अन्य रोजमर्रा की गतिविधियां। कोरोना काल के दौरान उन्हें ऑनलाइन गेम्स की लत लगने की बात कही जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

