बीमारी से मौत की कहानी निकली फर्जी, गला दबाने के मिले सबूत
प्रेम प्रसंग के शक में ऑनर किलिंग एंगल पर जांच तेज, पिता-भाई हिरासत में
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने अब हत्या का रूप ले लिया है। परिवार जिस मौत को बीमारी बताकर मामला दबाने की कोशिश कर रहा था, उसी घटना में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि युवती की मौत गला दबाकर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना आंवला तहसील के बरसेर सिकंदरपुर गांव की है। मंगलवार रात युवती खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। बुधवार सुबह उसका शव घर में चारपाई पर पड़ा मिला। परिवार वालों ने गांव में बताया कि युवती की तबीयत खराब थी और उल्टी-दस्त के कारण उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला सामान्य मौत का दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन एक ग्रामीण की सूचना ने पूरी कहानी बदल दी।
ग्रामीण ने पुलिस को युवती की हत्या किए जाने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को शव की स्थिति संदिग्ध लगी। युवती के शरीर पर चोटों के निशान और गले पर दबाव के संकेत दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही परिवार के दावों की पोल खुल गई। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवती की मौत गला घोंटने से हुई है। इतना ही नहीं, उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान भी मिले हैं। हाथ, कंधे और कोहनी पर गंभीर चोटों के संकेत पाए गए हैं, जिससे साफ है कि हत्या से पहले युवती के साथ हिंसा की गई थी। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि युवती का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। इसी वजह से पुलिस ऑनर किलिंग के एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पिता महेंद्र और भाई आकाश को हिरासत में लिया गया है। दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद सनसनी का माहौल है। वहीं पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई।

