सवालों का तर्कसंगत जवाब देने के बजाय उल्टा सभ्यता का पाठ पढ़ा गये विवेक अग्रिहोत्री
लखनऊ। बॉलीवुड फिल्मों के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Ranjan Agnihotri) की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। कश्मीरी पंडितों के उत्पीड़न के उपर बनी इस फिल्म की पूरे देश में चर्चा हो रही है। भाजपा शासित कई राज्यों में फिल्म को टैक्स फ्री तक कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस फिल्म को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। इस बीच रविवार को लखनऊ में द कश्मीर फाइल्स की टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। साथ ही एक नीजि होटल में प्रेस कांफ्रेंस भी की। जिसमें निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री, निर्माता व अभिनेत्री पल्लवी जोशी और निर्माता अभिषेक जायसवाल थे। मुख्य कलाकार अनुपम खेर प्रेस कांफ्रेंस में शामिल नहीं हुए। इस दौरान पत्रकारों के सवालों पर विवेक रंजन अग्निहोत्री और पल्लवी जोशी खासी नाराज दिखीं।

Read also: रुपहले पर्दे पर धमाल मचाने वाली फिल्म् ‘The Kashmir Files’ का जानिए राजनैतिक विवाद
फिल्म की वास्वविकता पर भड़कीं पल्लवी
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक महिला पत्रकार ने सवाल किया कि ‘यह फिल्म कितनी वास्तविक है और कितना फिक्शन है?’ इस सवाल पर विवेक रंजन ने माइक पल्लवी जोशी (Pallavi Joshi) को थमा दिया। पल्लवी ने जवाब देते हुए कहा कि यह फिल्म सौ फीसदी सच्ची कहानी पर आधारित है। इसके बाद उन्होंने पत्रकार से सवाल किया कि क्या आपने फिल्म देखी? पत्रकार ने कहा कि मैंने फिल्म देखी या नहीं देखी, लेकिन आप बस ये बता दीजिए कितनी सच्ची कहानी है। इतने सवाल पर पल्लवी भड़क गईं और उन्होंने कहा कि आपको फिल्म देखनी चाहिए। बिना फिल्म देखे कैसे आप सवाल कर सकतीं हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेक रंजन में माइक हाथ में लिया और कहा कि सवाल अच्छा था, पूछने का तरीका सही नहीं था। विवेक रंजन ने आगे कहा कि हमने करीब चार साल इस फिल्म को लेकर काम किया है। साक्ष्य जुटाये हैं। हालांकि कश्मीरी पंडितों को लेकर बहुत ज्यादा मैटर थे नहीं लेकिन हम लोगों के बीच गये, उनसे बात की, उनके अनुभव के आधार पर इस फिल्म को बनाया है। उन्होंने दावा किया कि इस फिल्म की कहानी में सौ फीसदी सच्चाई है। इससे इनकार नहीं किया जा सकता।

Read also: कश्मीरी पंडितों की मौतें, आंकड़ों की हेराफेरी क्यों?
भारत के लिए एक अभूतपूर्व फिल्म है
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि इतिहास है, जिसे छिपाया गया है। इस फिल्म के जरिये एक भावना से लोगों को जोड़ा गया है। पूरा देश एकसूत्र में बंध गया है। इसे सिर्फ भारत हीं नहीं बल्कि पूरे विश्व में सफलता मिल रही है। दूसरे देशों में बसे भारतीय इस फिल्म को देखकर भावनात्मक रूप से जुड़ रहे हैं।

आगे भी कश्मीरी पंडितों पर बनेंगी वेब सिरीज
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कहा कि द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files) मूवी अंतिम नहीं है। इसके आगे भी प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। अब फिल्म नहीं वेब सिरीज या डॉक्यूमेंट्री बनाई जाएगी। इसमें कई तथ्यों को सामने लाया जाएगा।
Read also: द कश्मीर फाइल्स ने बातचीत शुरू की है, इसे आगे बढ़ने दें: बीजेपी
Read also: कश्मीर फाइल्स से लखीमपुर फाइल्स तक

द दिल्ली फाइल्स बनाकर आतंकवाद के चेहरे को लाएंगे सामने
विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Ranjan Agnihotri) ने एक सवाल के जवाब में कहा कि 1984 के सिख दंगों को लेकर कई फिल्में बन चुकीं हैं। अब वो द दिल्ली फाइल्स नाम से एक फिल्म बनायेंगे। इसमें सिख दंगा ही नहीं बल्कि आतंकवाद के पूरे मसले को सामने रखेंगे। इस प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है।
सीएम से हुई मुलाकात
विवेक ने आगे कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) से मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्मों को बनाये जाने के वो पक्षधर हैं। साथ ही यह भी कहा है कि आने वाले दिनों में यूपी में फिल्मों के लिए एक बेहतरीन माहौल देंगे। उन्होंने कहा कि सीएम ने वादा किया है और उन्हें उम्मीद है कि वो इसे पूरा करेंगे।

