- दोस्त ने मकान बनाया लेकिन नहीं दिया ठेकेदार को रूपये
हल्द्वानी। लाॅकडाउन की मार, दोस्त का मकान बनाने में हुए कर्ज चुकाने का दबाव, घर में नन्हा मासूम का जन्म लेकिन खुशियां मनाने को भी पैसा नहीं। ऐसे में हालात से लाचार हो चुके ठेकेदार को जब दोस्त ने भी पूरे पैसे देने से मना कर दिया तो ठेकेदार को अपनी जान देना ही आखिरी उपाय लगा।
फेसबुुक पर लाइव होकर ठेकेदार ने जहर खाया और अपने दोस्त पर पैसे न देने का आरोप लगाया। गंभीर हालत में भर्ती ठेकेदार की हालत फिलहाल स्थिर है। मगर उसके परिवार जहां बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जानी थी वहां पर कोेहराम मचा हुआ है।
काठगोदाम क्षेत्र के ब्रदीपुरा निवासी अफसर ठेकेदारी का काम करता है। अफसर अपने दोस्त के साथ साझेदारी में होम स्टे संचालित करता है। अफसर ने अपने दोस्त का घर बनाने का ठेका लिया था। आरोप है कि अफसर के दोस्त ने उसका लगभग 18 लाख रूपया नहीं चुकाया और मकान का काम भी किसी और से कराना शुरू कर दिया।
अफसर के भाई अमजद ने बताया कि मंगलवार को अफसर अपने दोस्त के यहां पैसे लेने गया तो उसने वहां किसी और ठेकेदार के मजदूरों को काम करते देखा। वहीं पैसे मांगने पर दोस्त ने मात्र ढाई-तीन लाख रूपये ही बचे होने की बात कही।
दोस्त की बात सुनकर सदमे में आये अफसर ने उसके घर पर ही जहर खा लिया। सोशल मीडिया पर लाइव होकर उसके दोस्त पर पैसे न देने के आरोप लगाये। फेसबुक पर अपनी परेशानियां बताते हुए अफसर वहीं गिर पड़ा तो वहां मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गये। तुरंत अफसर को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर है।
वहीं अफसर की पत्नी शहनाज ने बताया कि दोस्त का मकान बनाने में अफसर पर काफी कर्ज हो गया था और लेनदार अब परेशान करने लगे थे। उसके पांच लाख के गहने गिरवी रखकर अफसर ने डेढ़ लाख रूपये चुकाये मगर उससे भी काम नहीं चल पाया। अब भी 17-18 लाख रुपए दोस्त ने रोके हुए हैं। एक हफ्ते पहले ही अफसर के घर बेटी ने जन्म लिया था। कर्ज में डूबे होने के कारण अफसर बेटी के जन्म की खुशियां भी नहीं मना पा रहा था। यही बात उसके दिल को लग गयी और उसने पैसे न मिलने पर आत्महत्या करने जैसा कदम उठा लिया।
हल्द्वानी के एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि ठेकेदार द्वारा आत्महत्या के प्रयास किये जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी प्राप्त कर मामले की जांच कराई जायेगी और उचित कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी।

