श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) और उसके परिवार को निशाना बनाया है। आतंकवादियों ने पुलवामा जिले के हरिपरिगाम गांव में एसपीओ फैयाज अहमद के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान फैयाज अहमद, उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कश्मीर जोन पुलिस ने इस हमले के बाद बयान जारी करते हुए कहा, ‘अवंतीपोरा के हरिपरिगाम के एसपीओ फैयाज अहमद के घर में घुसकर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस आतंकी घटना में उन्हें, उनकी पत्नी और बेटी को गंभीर चोटें आई हैं। अहमद ने गंभीर अवस्था में ही दम तोड़ दिया जबकि उनकी पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।’
एसपीओ के परिवार को निशाना बनाने से पहले आतंकियों द्वारा जम्मू के एयरफोर्स स्टेशन को ड्रोन द्वारा निशाना बनाया गया था। आतंकवादियों ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए पहली बार ड्रोन का इस्तेमाल किया है। पहला विस्फोट रविवार तड़के एक बजकर 40 मिनट के आसपास हुआ जबकि दूसरा उसके छह मिनट बाद हुआ। इस बम विस्फोट में दो वायुसेना कर्मी घायल हो गए।
पहले धमाके में शहर के बाहरी सतवारी इलाके में भारतीय वायुसेना द्वारा संचालित हवाई अड्डे के उच्च सुरक्षा वाले तकनीकी क्षेत्र में एक मंजिला इमारत की छत को नुकसान हुआ और उसमें सुराख हो गया वहीं दूसरा विस्फोट छह मिनट बाद जमीन पर हुआ।

