आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मुस्लिम आरक्षण पर दिए जा रहे प्रधानमंत्री के बयानों पर पलटवार करते हुए गुजरात के मुसलमानों को मिलने वाले ओबीसी आरक्षण की लिस्ट का हवाला देते हुए सवाल पूछा कि 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे प्रधानमंत्री मोदी को नहीं मालूम कि उनके गृह राज्य में 25 मुस्लिम जातियों का नाम OBC लिस्ट में मौजूद है और प्रधानमंत्री इंडिया गठबंधन पर आरोप लगा रहे हैं कि ये लोग सत्ता में आये तो मुसलमानों को OBC में शामिल करके दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों का हक़ छीन लेंगे।
तेजस्वी यादव ने अपने एक्स पोस्ट पर गुजरात की OBC जातियों की एक सूची शेयर की जिसमें 25 मुस्लिम जातियां शामिल हैं. तेजस्वी ने कहा कि गुजरात की इस सूची में मुस्लिम OBC जातियों की केंद्रीय लिस्ट है, इन 25 मुस्लिम जातियों को OBC वर्ग में रिजर्वेशन मिल रहा है. तेजस्वी ने कहा कि ये लिस्ट उसी राज्य की है जहाँ मोदी जी 13 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं. तेजस्वी ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के साथ साथ उनके उन अज्ञानी समर्थकों के लिए मैं ये ज्ञान दे रहा हूँ जो सिर्फ व्हाट्सप्प के आधार पर खबर पढ़ते हैं और नफरत फैलाते हैं. तेजस्वी ने कहा कि इन्हें नहीं मालूम कि देश के संविधान में आरक्षण का आधार सिर्फ सामाजिक पिछड़ापन है, धर्म नहीं.
बता दें कि 400 पार नारे के बाद जब इण्डिया गठबंधन ने जनता के बीच ये बात पहुंचानी शुरू की कि इनका 400 सीटें मांगने का मकसद संविधान को बदलना है ताकि आरक्षण को ख़त्म किया जाय. राहुल गाँधी और इंडिया गठबंधन के दूसरे नेताओं ने इसे इस चुनाव का मुख्य मुद्दा बना दिया। इंडिया गठबंधन के इस दांव से परेशान प्रधानमंत्री मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के लोग आरक्षण में बदलाव करके मुस्लिमों को OBC में शामिल करना चाहते हैं, जैसे इन्होने कर्नाटक और बिहार में किया। प्रधानमंत्री के उन्हीं बयानों पर आज तेजस्वी पीएम मोदी को आईना दिखाया और बताया कि गुजरात में तो मोदी काल से ही OBC मुसलमानों को आरक्षण की सुविधा मिल रही है.

