पर्थ की तूफानी विकेट पर आज गेंदबाज़ों का दिन रहा, पहले बांग्लादेश, फिर पाकिस्तान और अंत में साउथ अफ्रीका। तीनों ही टीमों के गेंदबाज़ों ने अपनी टीमों की जीत में महत्वपूर्ण किरदार निभाया। भारतीय बल्लेबाज़ों ने T-20 World Cup में आज के मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मायूस किया। एक और लो स्कोरिंग मैच रोमांचक रहा. दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 134 रन ही बनाने थे लेकिन मैच अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद तक चला. लो स्कोरिंग मैच में टारगेट का डिफेन्स करते हुए टीम के सभी गेंदबाज़ों को अच्छी गेंदबाज़ी करनी पड़ती है. लेकिन इस डिमांड पर अनुभवी स्पिनर अश्विन खरे नहीं उतरे और चार ओवरों में 43 रन लुटा डाले। शायद दोनों टीमों में हार जीत का अंतर वही बने. भारत के लिए आज सिर्फ पांच गेंदबाज़ों के साथ उतरना उन्हें मंहगा पड़ा. अक्षर की जगह हुड्डा को खिलाना भी कोई काम नहीं आया क्योंकि अश्विन के पिटने के बावजूद रोहित ने उनका एक गेंदबाज़ के रूप में इस्तेमाल नहीं किया।
टॉस रोहित ने जीता और पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। मगर टीम की शुरुआत बड़ी भयावह रही. टीम के सलामी बल्लेबाज़ के एल राहुल की असफलता का सिलसिला पर्थ में भी जारी रहा, कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले मैच में अर्धशतक ज़रूर बनाया था लेकिन इस मैच में एकबार फिर वह नाकाम रहे. पिछले दो मैचों में धमाल मचाने वाले विराट कोहली भी आज कमाल न दिखा सके और मात्र 12 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए. टीम में बल्लेबाज़ के तौर पर शामिल किये गए दीपक हुड्डा ने अपने चयन को गलत साबित किया। यह तो सूर्यकुमार का कमाल रहा कि टीम इंडिया 133 के स्कोर तक पहुँच सकी. सूर्यकुमार ने अपनी धाकड़ बल्लेबाज़ी का सिलसिला जारी रखते हुए एक और अर्धशतकीय पारी खेली। SKY ने 40 गेंदों में 68 रन बनाये जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल थे. लुंगिसानी एनगिडी आज भारतीय बल्लेबाज़ों के लिए कहर साबित हुए, उन्होंने अपने शुरूआती तीन ओवरों में टीम इंडिया के चार बड़े बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेज दिया। वेन पर्नेल ने तीन विकेट लेकर मिडिल आर्डर को तहस नहस कर दिया।
जीत के लिए 134 रनों का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम भी शुरू में ही क्विंटन डिकॉक और राइली रुसो को खो बैठी। अर्शदीप ने दोनों को जल्दी चलता कर उनके खेमे में हलचल मचा दी, कप्तान बाउमा को शामी ने आउट कर साउथ अफ्रीका की परेशानियों को बढ़ाया लेकिन मारक्रम और मिलर ने इसके बाद बड़ी समझदारी से पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 76 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. 100 के स्कोर पर जब मारकर्म आउट हुए तो लगा कि भारत वापसी कर सकता है लेकिन मिलर के इरादे कुछ और ही थे. मिलर ने अश्विन के अंतिम ओवर में 2 छक्के जड़कर मैच को काफी हद तक अपने हक़ में कर दिया और आखिर में एक गेंद शेष रहते टीम को कामयाबी दिला दी. टीम इंडिया की तरफ से अश्विन को छोड़ सभी ने अच्छी गेंदबाज़ी की. आश्विन ने अपने 4 ओवरों में 43 रन लुटा दिए जो भारत की हार का एक कारण बना. इस जीत के साथ साऊथ अफ्रीका अब पॉइंट्स टेबल में पांच अंकों के साथ टॉप पर पहुँच गया है. भारत को अपने दो मैच अब बांग्लादेश और ज़िम्बाब्वे से खेलना है. सेमी फ़ाइनल के रास्ते के लिए उसे यह दोनों मैच जीतना होंगे.

