अमृतसर एयरपोर्ट के पास दिखे संदिग्ध ड्रोन, 7 उड़ानें दिल्ली-चंडीगढ़ डायवर्ट

नेशनलअमृतसर एयरपोर्ट के पास दिखे संदिग्ध ड्रोन, 7 उड़ानें दिल्ली-चंडीगढ़ डायवर्ट

Date:

पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात उस समय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं, जब एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया के पास दो से चार संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं दिखाई दीं।

रनवे और उसके आसपास संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत अलर्ट जारी किया। सुरक्षा को देखते हुए अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध ड्रोन या उड़ती हुई वस्तुएं गांव रजाला की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आती दिखाई दीं। बताया गया कि ये कुछ मिनटों तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में मंडराती रहीं।

सात उड़ानों को किया गया डायवर्ट

संदिग्ध गतिविधि के बाद जिन उड़ानों को डायवर्ट किया गया, उनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों फ्लाइट्स शामिल हैं।

  • मलेशिया एयरलाइंस MH-118: कुआलालंपुर से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट
  • इंडिगो 6E-5028: मुंबई से अमृतसर, चंडीगढ़ डायवर्ट
  • इंडिगो 6E-2045: दिल्ली से अमृतसर, चंडीगढ़ डायवर्ट
  • एअर इंडिया AI-479: दिल्ली से अमृतसर, दिल्ली वापस भेजा गया
  • एअर इंडिया AI-855: दिल्ली से अमृतसर, दिल्ली वापस भेजा गया
  • इंडिगो 6E-1428: शारजाह से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट
  • एअर इंडिया एक्सप्रेस IX-138: शारजाह से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट

ATC की ओर से अलर्ट जारी होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी बढ़ा दी।

भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब है अमृतसर एयरपोर्ट

श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर शहर के केंद्र से करीब 11 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में राजा सांसी में स्थित है।

यह पंजाब का सबसे बड़ा और सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। इसका नाम सिखों के चौथे गुरु और अमृतसर के संस्थापक गुरु राम दास के नाम पर रखा गया है।

यह एयरपोर्ट भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से हवाई दूरी के हिसाब से 30 किलोमीटर से भी कम, करीब 18.6 मील की दूरी पर स्थित है।

अगस्त में राजौरी में भी दिखे थे संदिग्ध ड्रोन

इससे पहले अगस्त में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भी संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना ने उस समय घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था। इसके बाद एहतियात के तौर पर नियंत्रण रेखा (LoC) के आसपास तलाशी अभियान भी चलाया गया था।

बताया गया कि तीन ड्रोन सुबह करीब 8:05 बजे नौशेरा सेक्टर के रुमलीधारा इलाके के पास भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे।

22 जम्मू-कश्मीर राइफल्स (JAK RIF) के जवानों ने इन्हें समय रहते डिटेक्ट कर लिया और तत्काल काउंटर-ड्रोन सिस्टम सक्रिय कर दिए।

कार्रवाई के बाद तीनों ड्रोन वापस सीमा पार लौटने को मजबूर हो गए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में एहतियाती तलाशी अभियान चलाया।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related