- दिवंगत बॉलीवुड एक्टर की फैमिली ने बयान जारी कर कहा कि सुशांत के नाम से बनेगा फाउंडेशन और मेमोरियलफैमिली चाहती है कि जो सुशांत के साथ हुआ किसी और के साथ न हो,
- सुशांत का सोशल मीडिया एकांउट फैमिली चलाएगी
दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी यादों को सहेज कर रखने के लिए उनके परिवार ने एक फाउंडेशन और मेमोरियल बनाने का ऐलान किया है. यह फाउंडेशन सुशांत सिंह के नाम पर होगा और सुशांत का बचपन जिस घर में बीता उसे अब मेमोरियल बनाया जाएगा. दिवंगत एक्टर की फैमिली ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.
न हो किसी के साथ सुशांत जैसा
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की फैमिली ने कहा हमारे गुलशन यानी सुशांत के साथ जो हुआ वो किसी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए.सुशांत को श्रद्धांजलि देने लिए फैमिली एक फाउंडेशन की स्थापना करेगी. इस फाउंडेशन का नाम सुशांत के नाम पर ही ‘सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन’ होगा. इस फाउंडेशन का काम सिनेमा, खेल और विज्ञान में टैलेंटेड लोगों को आगे लाना होगा है. यह तीनों क्षेत्र सुशांत के दिल के काफी करीब थे.
बचपन का घर मेमोरियल में बदलेगा
सुशांत सिंह के परिवार की तरफ से जारी हुए बयान में कहा गया कि पटना में सुशांत का बचपन का घर एक मेमोरियल में बदला जाएगा, जिसमें उनसे संबंधित समान, उनकी फेवरिट किताबें और उनका सबसे बहुमूल्य सामान उनका टेलीस्कोप भी रखा जाएगा. एक्टर होने के अलावा सुशांत सिंह विज्ञान में रुचि रखते थे, उन्हें कविताओं का शौक था, वह एक शौकिया खगोलशास्त्री थे. उनकी एक खेल के प्रति ललक थी और उन्हें गिटार बजाना भी पसंद था.
हर चीज को जानने की ललक थी
सुशांत सिंह राजपूत के परिवार की तरफ से जारी हुए बयान में कहा गया,’ वह बहुत ही बातूनी और अतुल्य था. वह हर चीज के बारे में जानना चाहाता था. उसने बिना किसी बंधन के सपने देखे और एक शेरदिल की तरह उसका पीछा किया. वह परिवार का गर्व और प्रेरणा है. हमें यह यकीन ही नहीं हो रहा कि फिर से उसकी हंसी सुनने को नहीं मिलेगी, हम उसकी चमकती हुई आंखें फिर नहीं देख पाएंगे.’
परिवार चलाएगा सोशल मीडिया अकाउंट
बयान में आगे कहा गया, ‘हम विज्ञान से जुड़ी उसकी बातें फिर नहीं सुन पाएंगे. उसके जाने से परिवार में एक कमी आ गई है जो कभी पूरी नहीं हो पाएगी. अब से हम उनका इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक पेज चलाएंगे जिससे की उनकी यादों को जिंदा रखा जा सके.’बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी. वे डिप्रेशन से जूझ रहे थे. हमेशा हंसते-खेलते रहने वाले सुशांत ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया ये बात किसी को नहीं पता. पुलिस इस मामले की जांच में लगी हुई है. ऐसे में उनके दोस्तों, परिवार और करीबियों से पूछताछ की जा रही है.

