इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन ने पहले ही टेस्ट में गेंद और बल्ले से जमकर धमाल मचाया। उन्होंने मैच में 7 विकेट झटके और पहली पारी में 42 रन बनाए। हालांकि, मैच के कुछ घंटे बीतने के बाद इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इस तेज गेंदबाज को 2012-13 में किए गए नस्लपरस्त ट्वीट की जांच लंबित रहने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सस्पेंड कर दिया गया है। क्रिकेटर ने नस्लवादी और लिंगभेद से जुड़े ट्वीट किए थे।
ईसीबी ने रविवार को कहा कि रॉबिनसन न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे और आखिर टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ईसीबी ने बयान में कहा, ‘इंग्लैंड और ससेक्स के गेंदबाज ओली रॉबिनसन को 2012 और 2013 में किए गए ट्वीट के के लिए अनुशासनात्मक जांच के नतीजे आने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से निलंबित किया गया है।’ ईसीबी ने ससेक्स के इस गेंदबाज के बारे में कहा, ‘रॉबिनसन तुंरत ही इंग्लैंड की टीम को छोड़कर अपनी काउंटी में वापसी करेंगे।’ रॉबिनसन ये ट्वीट तब किये थे जब वह 18 और 19 साल के थे।
Read also: मेरठ सुभारती मेडिकल यूनिवर्सिटी की जनक मुक्ति भटनागर का निधन
बता दें कि मैच के पहले दिन इन ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा होती रही, जिसके बाद रॉबिनसन ने माफी भी मांगी थी। रोबिनसन ने कहा था, ‘अब तक मेरे करियर के सबसे बड़े दिन, मैं 8 साल पहले अपने नस्लवादी और सेक्सिस्ट टिप्पणी के लिए शर्मसार हूं, जो आज सार्वजनिक हुए। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं नस्लवादी और सेक्सिस्ट नहीं हूं। मुझे अपने एक्शन पर गहरा खेद है और इस तरह की बात करके मैं शर्मसार हूं।’

