सहारनपुर में 600 से कम हो गये कोरोना के सक्रिय मामले
यूपी के लखनऊ गोरखपुर और मेरठ में ही कोरोना कर्फ्यू लागू
सहारनपुर/मेरठ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण काबू में आता जा रहा है। हालिया दिनों में कोरोना केसों में काफी कमी आयी है। अब तक प्रदेश के 72 जिलों को कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 600 से कम होने के कारण कोरोना कर्फ्यू से छूट मिल चुकी है। अब सहारनपुर में भी कोरोना केस 600 से कम हो जाने के कारण जिले को कोरोना कर्फ्यू से राहत मिल गयी है। अब प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में ही कोरोना कर्फ्यू लागू है। माना जा रहा है कि मंगलवार को होने वाली बैठक में इन जिलों को कोरोना कर्फ्यू से छूट मिल सकती है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर खुद सीएम योगी आदित्यनाथ निगरानी रखे हुए हैं। नियमित तौर पर बैठक और दौरा कर कोरोना संक्रमण पर काबू किये जाने का प्रयास सीएम द्वारा किया जा रहा है। आज सीएम योगी ने लखनऊ स्थित सरकारी आवास से वर्चुअल समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये। बैठक में सहारनपुर में कोरोना एक्टिव केसो की संख्या 600 से कम होने पर उसे कोरोना कर्फ्यू से राहत देने का निर्णय लिया गया। अब सहारनपुर में भी प्रदेश के अन्य छूट पाये 72 जिलों की तरह शनिवार-रविवार को साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। वहीं सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात से शाम सात बजे तक बाजार खोले जायेंगे।
फिलहाल प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर और मेरठ में कोरोना संक्रमण के मामले 600 से अधिक हैं। इन जिलों को लेकर मंगलवार को निर्णय लिया जा सकता है। माना जा रहा है कि इन तीन जिलों को भी जल्द ही कोरोना कर्फ्यू से राहत दी जा सकती है। मेरठ में कोरोना एक्टिव केसों की घटती संख्या को लेकर संभावना है कि बुधवार से उसे राहत मिलनी शुरू हो सकती है।

