ये लोकसभा चुनाव भले ही किसी और बात के चर्चित हो या न हो मगर समाजवादी पार्टी में इस बार जिस रफ़्तार के साथ उम्मीदवारों को बदला जा रहा उससे ज़रूर चर्चित हुआ है। मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, बदायूं, नॉएडा समेत कई सीटों पर उम्मीदवार बदले जा चुके हैं और एक बार नहीं कई कई बार. अब खबर आ रही है कि अखिलेश यादव लखनऊ से भी अपना प्रत्याशी बदलने की सोच रहे हैं. बता दें कि लखनऊ से सपा ने राजनाथ सिंह के मुकाबले रविदास मेहरोत्रा को मैदान में उतारा है और इसका एलान सपा की पहली या दूसरी सूची में हो गया था.
कहा जा रहा है कि लखनऊ में रविदास मेहरोत्रा का जिस ढंग से चुनाव प्रचार चल रहा है उससे सपा प्रमुख खुश नज़र नहीं आ रहे हैं और वो इस सीट से अब लव भार्गव में उम्मीदवार बनाने जा रहे हैं. इस खबर से किसी को हैरानी नहीं हो रही रही है, वैसे भी राजनाथ सिंह के मुकाबले रविदास मेहरोत्रा काफी कमज़ोर उम्मीदवार हैं, जब उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की गयी थी तभी से ये बात कही जा रही है कि सपा मुखिया ने भाजपा को वाक ओवर दे दिया है. खैर इस खबर की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सपा में इन दिनों जो चल रहा है उसमें ऐसा होना पूरी तरह मुमकिन है.
सपा में उम्मीदवारों के इस बदलाव पर कल सहारनपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने भी चुटकी ली थी कि वह जिस तरह से उम्मीदवार बदले जा रहे हैं उससे यही लगता है कि इंडी गठबंधन को अपने प्रत्याशियों पर भरोसा ही नहीं। अखिलेश के पुराने सहयोगी जयंत चौधरी ने भी कटाक्ष करते हुए कहा था कि सपा में 24 घंटे के लिए जिसे टिकट मिल जाय वो नसीब वाला है। कल मीडिया में ये खबर काफी गश्त कर रही थी कि आने वाले चरणों में सपा कई उम्मीदवारों को बदल सकती है, खासकर पूर्वांचल में उसे अपने कई प्रत्याशियों पर भरोसा नहीं रहा.

