आजकल काम के दबाव के कारण लोग कई-कई घंटों तक एक ही जगह बैठे रहते हैं, या वर्क फ्रॉम होम के चलते भी ज्यादा तर लोगो को घंटो तक एक ही जगह पर बैठ कर काम करना पड़ता है , इस तरह आप काम तो निपटा लेते हैं, लेकिन लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से दिल की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहने से हृदय रोग होने की सम्भावना ज्यादा बढ़ जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आपको हर घंटे कम से कम 5-10 मिनट तक उठकर अपनी मांसपेशियों को स्ट्रेच करना चाहिए। अगर आप लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहते हैं तो आपको हृदय रोग के साथ-साथ कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं लगातार एक ही जगह पर बैठे रहने से सेहत को क्या नुकसान हो सकता है।
एथेरोस्क्लेरोसिस का खतरा
एथेरोस्क्लेरोसिस आपके शरीर की नसों को संकीर्ण कर देता है, जिससे नसों में रक्त का प्रवाह रुक जाता है। इसे एथेरोस्क्लोरोटिक कार्डियोवैस्कुलर रोग भी कहा जाता है जिसके कारण दिल का दौरा, स्ट्रोक और परिधीय संवहनी रोग जैसी बीमारियों का खतरा रहता है।
डीप वेन थ्राम्बोसिस
लंबे समय तक बैठे रहने से डीप वेन थ्रोम्बोसिस (डीवीटी) होने की संभावना बढ़ जाती है। डीप वेन थ्रोम्बोसिस एक रक्त का थक्का है जो शरीर की गहराई में एक नस में बनता है। ज्यादातर मामलों में, ये थक्के पैरों या जांघों में बनते हैं। यदि डीप वेन थ्रोम्बोसिस में बना थक्का टूट जाए तो यह फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है।
हाई ब्लड प्रेशर
लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से आपका ब्लड प्रेशर लेवल भी बढ़ जाता है. शारीरिक गतिविधियों की कमी और रक्त संचार की कमी के कारण उच्च रक्तचाप की समस्या हो जाती है। यही हार्ट अटैक का मुख्य कारण है। इसलिए रोजाना व्यायाम करें और कोशिश करें कि एक ही जगह पर ज्यादा देर तक न बैठें, बीच-बीच में टहलें। इससे ब्लड प्रेशर नहीं बढ़ेगा और हृदय रोग का खतरा भी कम हो जाएगा।
मोटापे का खतरा
जब आप लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठे रहते है तो आपकी कम कैलोरी बर्न होती है। जिससे वजह से आपका भी वजन बढ़ सकता है. अधिक वजन होने से हृदय पर अधिक दबाव पड़ता है। इसके साथ ही हाई कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज का भी खतरा रहता है। इसलिए नियमित व्यायाम और लगातार बैठने के अंतराल को कम करके आप वजन को नियंत्रण में रख सकते हैं, जिससे आप कई बीमारियों से बच सकते हैं।

