एक तरफ अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही वहीँ दूसरी तरफ भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर असम में राहुल गाँधी को मंदिर में प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है, विरोध में राहुल गाँधी और उनके समर्थक मंदिर के सामने ही धरने पर बैठ गए हैं. कहा जा रहा है कि मंदिर प्रशासन ने राहुल गाँधी श्रीमंत शंकरदेव की पूजा-अर्चना करने से इसलिए रोका है क्योंकि अयोध्या में आज राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है और प्राण प्रतिष्ठा के बाद ही तीन बजे के बाद राहुल गाँधी मंदिर में पूजा अर्चना कर सकते हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें मंदिर जाने से रोका जा रहा है, मैं सिर्फ मंदिर में हाथ जोड़ना चाहता था. राहुल गांधी ने मंदिर में जाने से रोके जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी ये तय करेंगे कि मंदिर में कौन जाएगा? राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम के बाद कहा है कि देश में सिर्फ एक आदमी को मंदिर जाने की इजाजत है. बता दें कि कांग्रेस पार्टी की न्याय यात्रा अभी असम से गुजर रही है और आज राहुल गांधी असम के वैष्णव विद्वान श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान पर पूजा-अर्चना करने वाले थे.
कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश ने कहा है कि मंदिर में प्रवेश से राज्य सरकार के दबाव में रोका जा रहा है. कांग्रेस पार्टी ने मंदिर के प्रबंधन से पहले ही समय लिया था लेकिन अब हिमंत बिस्वा सरमा सरकार के दबाव के बाद ये सबकुछ किया जा रहा है’. जयराम रमेश ने कहा है कि पहले हमें सुबह सात बजे का समय मिला था लेकिन अब कहा जा रहा है कि दोपहर तीन बजे तक मंदिर में नहीं जा सकते.
अयोध्या में इस समय राम मंदिर का उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा की विधियां चल रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं. पीएम के अलावा राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंदिर के मुख्य पुजारी मेहमानों की अगुवाई कर रहे हैं.

